दहिसर का वैशाली नगर बना गड्ढों का अड्डा, हर दिन छोटे हादसे, कभी भी हो सकती है बड़ी दुर्घटना

Mumbai News: दहिसर पूर्व वैशाली नगर की सड़कों पर बने गड्ढे हादसों को दावत दे रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बीएमसी की लापरवाही से सड़कें खतरनाक हो गई हैं और कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
मुंबई की गढ्ढों वाली सड़कें (pic credit; social media)
मुंबई की गढ्ढों वाली सड़कें (pic credit; social media)
Published on: 
Updated on: 

Maharashtra News: मुंबई देश की आर्थिक राजधानी जरूर है, लेकिन यहां की सड़कें आए दिन हादसों की वजह बन रही हैं। बीएमसी और सरकार के तमाम दावों के बावजूद सड़कों की स्थिति बदहाल है। दहिसर पूर्व स्थित वैशाली नगर की सड़क पर उभरे बड़े-बड़े गड्ढे लोगों की जान पर भारी पड़ रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इन गड्ढों के कारण अब तक कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। सबसे ज्यादा दोपहिया वाहन चालक इसकी चपेट में आए हैं। हालांकि गंभीर चोट या मौत जैसी घटना अभी तक सामने नहीं आई है, लेकिन हालात बताते हैं कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय निवासी राकेश जयसवाल ने बताया कि कुछ दिन पहले रात के समय वे बाइक से गुजर रहे थे और अचानक गड्ढे में गिर पड़े। इस दौरान उनके पैर में चोट भी आई। उनका कहना है कि बीएमसी को जल्द से जल्द सड़क दुरुस्त करनी चाहिए, वरना बड़ा नुकसान हो सकता है।

वैशाली नगर की यह सड़क बीएमसी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है। मानसून से पहले गड्ढों को भरने के दावे किए गए थे, लेकिन ये खोखले साबित हुए। मनपा अधिकारियों से जवाब मांगने पर वे एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते दिखते हैं।

कांग्रेस नेता चौथी प्रसाद गुप्ता ने कहा कि कई बार अधिकारियों को शिकायत दी गई है। वे सिर्फ आश्वासन देते हैं, लेकिन गड्ढे भरते नहीं। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को चाहिए कि अपने कथन के अनुसार मनपा अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई करें। समाजसेवक अक्षय भरवाड ने कहा कि ऐसा लगता है जैसे बीएमसी किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। प्रशासन को चाहिए कि समय रहते सड़क को गड्ढामुक्त करे, ताकि लोगों की जान सुरक्षित रह सके।

Navbharat Live
navbharatlive.com