मुंबई में दही हांडी उत्सव
मुंबई. गोविंदा मस्ती करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। मुंबई दही हांडी के रंग में रंगने को बेकरार हैं। इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए सभी मंडल तैयारियों में जुटे हैं, लेकिन विधानसभा चुनाव नजदीक है, इसलिए दही-हांडी पर भी चुनावी रंग साफ दिख रहा है। गोविंदाओं के बीच बांटे जाने वाली टी-शर्ट पर पार्टियों की पहचान और उसके नेताओं की तस्वीर छपी है। ताकि दही हांडी के साथ-साथ युवाओं में पार्टी का प्रचार हो जाए। इसी कारण मुंबई से लेकर ठाणे तक कई जगह 1 लाख से लेकर 20 लाख तक की हांडी लगाई गई है। मुंबई में दही हांडी के कार्यक्रम जगह-जगह आयोजित किए गए हैं।
मंगलवार को मुंबई और आस-पास की जगहों पर युवाओं की टोली दही हांडी फोड़ती हुई नजर आएगी और गोविंदाओं का हर गली-चौराहे पर शोर रहेगा। दही हांडी उत्सव में राजनीतिक दल भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। मुंबई में कई दशकों से यह त्योहार इसी अंदाज में मनाया जाता है। जिस तरह भगवान कृष्ण अपनी बाल लीलाओं में मटकी से माखन चुराकर खाया करते थे, ठीक उसी तरह मुंबई के युवाओं की टोलियां एक के ऊपर एक चढ़कर मीनारें बनाते हैं। उसके बाद 30-40 फीट उंची टंगी दही से भरी मटकियों को फोड़ते हैं। जिस टोली के हाथ मटकी लग जाती है, उसे इनाम में मोटी रकम दी जाती है। इस त्योहार की लोकप्रियता को देखते हुए राजनेता भी इस मौके का फायदा जमकर उठाने के प्रयास कर रहे हैं।
भाजपा नेता संतोष पांडेय ने परिवर्तन दही हांडी उत्सव का आयोजन किया है और 3,33,333 रुपए का इनाम रखा गया है। इस बार सबसे अधिक चर्चा में मुंबई भाजपा नेता संतोष पांडेय की दही हांडी है, जिसे वर्ली स्थित जांबोरी मैदान में आयोजित किया गया हैं, जोकि शिवसेना का गढ़ है और जहां से शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे विधायक हैं। यहां पर मुंबई उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, पालक मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा, भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक आशिष शेलार, विधायक प्रवीण दरेकर, राजहंस सिंह, प्रसाद लाड, नितेश राणे, पूर्व विधायक राज के. पुरोहित सहित कई बड़ी हस्तियां शामिल होगी।
बोरीवली पूर्व देवीपाड़ा स्थित मैदान में शिवसेना विधायक प्रकाश सुर्वे द्वारा दही हांडी उत्सव का आयोजन किया गया है। यहां पर 11,11,111 रुपए की दही हांडी फोड़ने का इनाम रखा गया है। मागाठाणे विधानसभा में ही विधान परिषद सदस्य प्रवीण दरेकर ने भी दही हांडी उत्सव का आयोजन अशोकवन में किया गया है। इसी प्रकार दहिसर पूर्व मनसे नेता नयन कदम ने दही हांडी उत्सव का आयोजन किया है। सांताक्रुज पूर्व स्टेशन के सामने विगत 20 वर्षों से दही हांडी उत्सव का आयोजन हो रहा है। किंग्स सर्कल स्थित श्री सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल (जी. एस. बी.) मंडल की दही हांडी उत्सव काफी पुरानी है। यहां पर दही हांडी उत्सव को देखने के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है।
यह भी पढ़ें: वोटर्स को मंजूर नहीं तोड़फोड़ की राजनीति, राज ठाकरे बोले- सभी प्रमुख नेताओं के खिलाफ MNS उम्मीदवार
लोअर परेल में जय जवान मित्र मंडल द्वारा दही हांडी का आयोजन होता है। दही हांडी कार्यक्रम में भारी भीड़ जुटती है और उत्साह के साथ गोविंदा पथक शामिल होते हैं। लालबाग में बाल गोपाल मित्र मंडल का दही हांडी उत्सव काफी प्रसिद्ध है। घाटकोपर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव मंडल द्वारा कलात्मक दही हांडी की सजावट की जाती है। इसी प्रकार ठाणे में संस्कृति युवा प्रतिष्ठान द्वारा दही हांडी उत्सव का आयोजन होता है। उक्त कार्यक्रम शिवसेना विधायक प्रताप सरनाईक द्वारा आयोजित किया जाता है और लाखों रुपए का इनाम रखा जाता है। खारघर में श्रमिक सार्वजनिक उत्सव मंडल द्वारा दही हांडी आयोजित की जाती है। मुंबई में सबसे प्रसिद्ध दही हांडी कार्यक्रमों में से एक है।
यह भी पढ़ें: मुंबई में उद्धव ‘बड़ा भाई’, ठाकरे की शिवसेना ने 18 से 20 सीटों पर ठोंका दावा, कांग्रेस-एनसीपी ने भरी हामी
वक्त के साथ-साथ जन्माष्टमी के त्योहार में भी काफी बदलाव आया है। यहां दही हांडी की प्रतियोगिता करवाने वाली समितियां अपने यहां कई फिल्मी हस्तियों को भी आमंत्रित करते हैं। इस त्योहार की चमक-दमक इन्हीं कारणों से और भी बढ़ जाती हैं। खर्च भी बेशुमार किया जाता है, करोड़ों रुपए पानी की तरह बहाए जाते हैं। इस त्योहार की लोकप्रियता को देखते हुए राजनेता भी इस मौके का फायदा जमकर उठाते हैं। मुंबई और ठाणे में राजनेताओं की ओर से प्रायोजित कई दही हांडियां लटकायी जाती हैं। विशेषकर ठाणे के शिवसेना विधायक प्रताप सरनाईक और घाटकोपर के बीजेपी विधायक राम कदम की दही हांडियां काफी मशहूर हैं। ठाणे में शिवसेना सांसद राजन विचारे की दही हांडी भी खूब चमक-दमक वाली होती है।
यह भी पढ़ें: जीशान सिद्दीकी की राह नहीं आसान, बांद्रा पूर्व विधानसभा सीट पर MVA की कड़ी चुनौती
विगत तीन वर्षों की तरह इस बार भी भायंदर पश्चिम के मैक्सस मॉल ग्राउंड मे नरसिम्हा चैरिटेबल ट्रस्ट और भाजपा युवा मोर्चा द्वारा भव्य दही हांडी का आयोजन किया गया है। भाजपा (145) मीरा भायंदर विधानसभा प्रमुख एड. रवि व्यास के नेतृत्व मे नियोजित दही हांडी में बड़ी संख्या मे मीरा-भायंदर, मुंबई और ठाणे के गोविंदा पथक हिस्सा लेंगे। इस बार भी 9 थर लगाने वाले पथक को 5,55,555 की नकद राशि और अन्य सहभागी गोविंदा पथकों को नकद इनाम और आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। साथ ही बॉलीवुड और टीवी जगत से जुड़े कलाकार और राजनेता भी अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे।
गौरतलब है कि इस बार इस मैदान की बुकिंग और आयोजन को लेकर विवाद हो गया था।क्योंकि ये मैदान राजनैतिक कारणों के चलते किसी और संस्था को आवंटित कर दिया गया था। भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष पंकज पांडेय ने आयुक्त को पत्र लिखकर आंदोलन की चेतावनी दी थी। इसके बाद एड. रवि व्यास के दखल के बाद मनपा और पुलिस प्रशासन ने नरसिम्हा चैरिटेबल ट्रस्ट को यहां कार्यक्रम करने की अनुमति प्रदान की है।