

Dadar BEST Bus Accident: मुंबई का दादर वेस्ट इलाका और विशेष रूप से प्लाजा सिनेमा के पास का कोटवाल गार्डन चौक सुबह के समय यात्रियों, पैदल चलने वालों और वाहनों से पूरी तरह खचाखच भरा रहता है। सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे हमेशा की तरह यहां भारी भीड़ थी। इसी दौरान बेस्ट की रूट नंबर 463 की एक तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक बस वहां से गुजरी। चश्मदीदों के मुताबिक, अचानक बस चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया।
अनियंत्रित होते ही बस ने सड़क पर चल रही कई कारों और दोपहिया वाहनों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक दोपहिया वाहन सीधे बस के भारी-भरकम पहियों के नीचे आकर पूरी तरह कुचल गया।
इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे की चपेट में आने से दो लोगों की मौके पर ही बेहद दर्दनाक मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय नागरिकों और पुलिस की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। मौके पर पहुंची दादर पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए सभी 12 से 13 घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस प्रशासन द्वारा मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर उनकी पहचान स्थापित करने का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है।
हार्ट ऑफ मुंबई कहे जाने वाले दादर के इस मुख्य चौक पर हुए हादसे के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों और सड़क पर जमा हुई भारी भीड़ के चलते कोटवाल गार्डन की तरफ आने और वहां से जाने वाला पूरा ट्रैफिक बेहद धीमा हो गया। मुंबई ट्रैफिक पुलिस की कई टीमें तुरंत मौके पर तैनात की गईं, जो क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बेस्ट बस, क्षतिग्रस्त कारों और दोपहिया वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू करने के प्रयास में जुट गईं।
इस हादसे के बाद मुंबई में एक बार फिर बेस्ट की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था, खासकर नई इलेक्ट्रिक बसों की सुरक्षा को लेकर बहस छिड़ गई है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दुर्घटना का कारण बनी बस पूरी तरह इलेक्ट्रिक थी। मुंबईकरों और विशेषज्ञों द्वारा यह मुद्दा फिर से पुरजोर तरीके से उठाया जा रहा है कि क्या इन अत्याधुनिक और भारी पिक-अप वाली इलेक्ट्रिक बसों को चलाने के लिए चालकों को पर्याप्त और विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है या नहीं। पुलिस फिलहाल बस चालक को हिरासत में लेकर मामले की गहन जांच कर रही है कि यह हादसा ब्रेक फेल होने की वजह से हुआ या चालक की लापरवाही के कारण।