

Mumbai BEST Double Decker Bus Delay: मुंबई की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ऑर्डर की गई 200 डबल डेकर बसों मे से 150 पिछले दो सालों से अटकी पड़ी हैं। बेस्ट की ओर से ठेकेदार को कई बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद को संतोषजनक जवाब नहीं मिला है।
अतः अब बेस्ट प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए ठेकेदार को एक महीने का अंतिम अल्टीमेटम दे दिया है। महाप्रबंधक सोनिया सेठी ने बेस्ट समिति की बैठक में स्पष्ट किया कि यदि तय समय में आपूर्ति नहीं हुई तो कॉन्ट्रैक्ट रद्द कर नया टेंडर जारी किया जाएगा।
बेस्ट ने ढाई साल पहले यात्रियों को आरामदायक सफर उपलब्ध कराने के लिए 200 एसी डबल डेकर बसों का ऑर्डर दिया था। इनमें से मात्र 50 बसें ही बेड़े में शामिल हो सकी है। बाकी 150 बसों का इंतजार अब भी जारी है, बसों की आपूर्ति में देरी के कारण बेस्ट को अधिक मांग वाले मार्गो पर पर्याप्त बसे उपलब्ध कराने में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
बसों की कमी का सीधा असर आम यात्रियों पर पड़ रहा है। कई मार्गों पर प्रतीक्षा समय बढ़कर 50 मिनट तक पहुंच गया है। इससे मुंबईकरों की रोजमर्रा की रफ्तार थमती नजर आ रही है। एसी डबल डेकर बसें मुख्य रूप से दक्षिण मुंबई, कुर्ला पश्चिम और बीकेसी जैसे इलाकों में चलाई जाती हैं, जहां इन बसों में हमेशा यात्रियों की भारी भीड़ रहती है। बेस्ट ने ये बसे स्विच मोबिलिटी कंपनी से ऑर्डर की थी। लेकिन 2019 में केंद्र सरकार ने डबल डेकर बसों में इलेक्ट्रॉनिक व्हीकल स्टेबिलिटी कंट्रोल यूनिट लगाना अनिवार्य कर दिया।