

मुंबई की जुहू चौपाटी पर भव्य छठ पूजा महोत्सव का आयोजन किया गया था।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह पर्व राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करता है।
इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने सूर्यदेव को अर्घ्य देकर छठी मैया का आशीर्वाद प्राप्त किया।
Devendra Fadnavis Chhath Puja Juhu Chowpatty: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि भारतीय त्योहार और उत्सव हमारी प्राचीन एवं सनातन संस्कृति के प्रतीक हैं। ये समाज के सभी वर्गों को एकजुट कर राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस रविवार को जुहू चौपाटी पर आयोजित भव्य छठ पूजा महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में विधायक अमित साटम, पूर्व विधायक कृपाशंकर सिंह, छठ पूजा के आयोजक मोहन मिश्रा और दिवाकर मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि छठ पूजा के अवसर पर जुहू चौपाटी पर एक तरफ समुद्र का अथाह जल दिखाई दे रहा है, तो दूसरी तरफ श्रद्धालुओं की आस्था का महासागर उमड़ पड़ा है। सूर्यदेव को अर्घ्य देने और छठी मैया का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए हजारों श्रद्धालु एकत्र हुए हैं।
उन्होंने कहा कि सूर्य ऊर्जा का सबसे बड़ा स्रोत है। सूर्य के प्रकाश से ही पृथ्वी पर जीव-जंतुओं और वनस्पतियों का जीवन संभव है। मानव जीवन, कृषि और परिवार के कल्याण के लिए सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का छठ पर्व महत्वपूर्ण माध्यम है। इस पर्व में डूबते और उगते दोनों सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है।
फडणवीस ने कहा कि सूर्यदेव, जल और छठी मैया किसी के साथ भेदभाव नहीं करते। जाति, धर्म, भाषा, क्षेत्र और आर्थिक स्थिति से ऊपर उठकर हर श्रद्धालु को आशीर्वाद मिलता है। यही छठ पर्व की व्यापक और समावेशी सीख है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से छठव्रती माताओं और बहनों की सुरक्षा तथा सुविधाओं के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। निर्जला व्रत रखने वाली महिलाएं रात में भी पूजा के लिए चौपाटी पर मौजूद रहती हैं। उनकी सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए स्थायी व्यवस्था विकसित की गई है।
विधायक अमित साटम ने मुंबई के समुद्र तटों को स्वच्छ बनाने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा किए गए प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुंबई की नदियों और नालों से बिना उपचारित सीवेज समुद्र में छोड़े जाने की समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अपने पहले कार्यकाल में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के समक्ष प्रभावी पैरवी की थी। इसके बाद सीवेज के समुद्र में विसर्जन के लिए आवश्यक मानक निर्धारित किए गए।
साटम ने बताया कि मुंबई में फिलहाल सात स्थानों पर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का काम चल रहा है। इनके शुरू होने से उपचारित पानी ही समुद्र में छोड़ा जा सकेगा। इससे जुहू चौपाटी सहित मुंबई के अन्य समुद्र तटों की स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिलेगी।