मध्य और पश्चिम रेलवे मार्गों पर मेगा ब्लॉक, रविवार को मुंबईकरों की यात्रा होगी प्रभावित
Mumbai News: मुंबई में 7 सितंबर को मध्य और पश्चिम रेलवे ने मेगा ब्लॉक की घोषणा की है, जिससे फास्ट और हार्बर लाइन की सेवाएं प्रभावित होंगी। यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
- Written By: सोनाली चावरे
मुंबई मेगा ब्लॉक (pic credit; social media)
Mumbai Mega Block: मुंबई के उपनगरीय रेल नेटवर्क पर रविवार, 7 सितंबर को यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। मध्य और पश्चिम रेलवे ने ट्रैक, सिग्नलिंग और ओवरहेड उपकरणों की मरम्मत व रखरखाव के लिए मेगा ब्लॉक की घोषणा की है। इसका असर हजारों नियमित यात्रियों की रोज़मर्रा की यात्रा पर पड़ेगा।
मध्य रेलवे के मुंबई मंडल ने बताया कि रविवार को सुबह 11:05 बजे से शाम 3:45 बजे तक माटुंगा से मुलुंड के बीच अप और डाउन फास्ट लाइन पर ब्लॉक रहेगा। इस दौरान सीएसएमटी से चलने वाली डाउन फास्ट ट्रेनें स्लो लाइन पर चलाई जाएंगी, जिससे मंजिल पर पहुँचने में लगभग 15 मिनट की देरी हो सकती है। ठाणे से चलने वाली अप फास्ट ट्रेनें भी स्लो लाइन पर चलेंगी और बाद में फास्ट लाइन पर लौटेंगी।
हार्बर लाइन पर भी असर दिखाई देगा। पनवेल-वाशी अप और डाउन सेवाएँ सुबह 11:05 से शाम 4:05 बजे तक बंद रहेंगी। इसी अवधि में पनवेल-ठाणे ट्रास-हार्बर सेवाएँ भी रद्द रहेंगी। हालांकि, सीएसएमटी-वाशी सेक्शन पर विशेष लोकल ट्रेनों का संचालन जारी रहेगा।
सम्बंधित ख़बरें
नवी मुंबई में सिडको का बड़ा एक्शन, नेरुल और करंजडे में बुलडोजर चलाकर 600 वर्गमीटर का अवैध निर्माण ध्वस्त
करडी गांव में तनस के ढेर में भीषण आग, 6 किसानों का पशु चारा जलकर राख
जुलाई में खुलेगा ऐरोली-काटई एलिवेटेड रोड का पहला-दूसरा चरण, नवी मुंबई-कल्याण के लाखों यात्रियों को राहत
मुंबई: मुहर्रम के जुलूस में पेन किलर बताकर जहरीली कैप्सूल बांट रहा था शख्स, पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
इसी दौरान पश्चिम रेलवे ने भी जंबो ब्लॉक की घोषणा की है। सांताक्रूज-गोरेगांव के बीच सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक फास्ट लाइनें बंद रहेंगी। इस समय सभी फास्ट लोकल ट्रेनों को स्लो लाइन पर मोड़ दिया जाएगा और कुछ ट्रेनें रद्द की जाएंगी।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपने सफर की योजना पहले से बनाएं। यदि संभव हो तो वैकल्पिक साधनों का उपयोग करें। विशेष तौर पर उन लोगों के लिए जो काम या समय पर पहुंचने के लिए रेल सेवाओं पर निर्भर हैं, यह ब्लॉक चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि यह ब्लॉक आवश्यक रखरखाव कार्यों के लिए है और यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के लिए किया जा रहा है।
