जुलाई में खुलेगा ऐरोली-काटई एलिवेटेड रोड का पहला-दूसरा चरण, नवी मुंबई-कल्याण के लाखों यात्रियों को राहत
Navi Mumbai MMRDA Project: ऐरोली-काटई एलिवेटेड रोड के पहले और दूसरे चरण को जुलाई में यातायात के लिए खोला जाएगा। एमएमआरडीए की इस परियोजना से नवी मुंबई और डोंबिवली के बीच का सफर बेहद आसान हो जाएगा।
- Written By: रूपम सिंह
ऐरोली-काटई एलिवेटेड रोड (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Airoli Katai Elevated Road MMRDA Project: ठाणे और कल्याण-डोंबिवली के लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। लंबे समय से निर्माणाधीन ऐरोली-काटई एलिवेटेड रोड परियोजना के पहले और दूसरे चरण को जुलाई महीने में यातायात के लिए खोलने की तैयारी पूरी कर ली गई है। मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने दोनों चरणों का काम अंतिम दौर में पहुंचने के बाद उन्हें एक साथ शुरू करने की योजना बनाई है। इससे महापे, शिलफाटा, कल्याण फाटा और ठाणे-बेलापुर मार्ग पर लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
परियोजना पूरी होने पर 15 मिनट में दूरी होगी पूरी
करीब 12.71 किलोमीटर लंबी इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूरा होने के बाद ऐरोली और डोंबिवली के बीच की दूरी लगभग 10 किलोमीटर कम हो जाएगी। वर्तमान में 30 से 45 मिनट का समय लेने वाला सफर काफी कम हो जाएगा, जबकि पूरी परियोजना पूरी होने के बाद नवी मुंबई से डोंबिवली की दूरी महज 15 मिनट में तय की जा सकेगी।
एमएमआरडीए के अनुसार, ठाणे-बेलापुर रोड से राष्ट्रीय राजमार्ग-4 तक 3.43 किलोमीटर लंबे पहले चरण का 92 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है। वहीं ऐरोली से ठाणे-बेलापुर रोड तक 2.57 किलोमीटर लंबे दूसरे चरण का निर्माण कार्य पूरी तरह समाप्त हो चुका है। दोनों चरणों का उद्घाटन कर इन्हें एक साथ यातायात के लिए खोलने की तैयारी की जा रही है।
सम्बंधित ख़बरें
मुंबई: मुहर्रम के जुलूस में पेन किलर बताकर जहरीली कैप्सूल बांट रहा था शख्स, पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
भ्रामक जानकारी फैलाई तो खैर नहीं!- दीक्षाभूमि स्मारक समिति के अध्यक्ष भदंत आर्य नागार्जुन हुए सख्त
नागपुर मंडल में मध्य रेलवे का सघन टिकट चेकिंग अभियान, 22 ट्रेनों में 1,128 यात्री पकड़े, 10 लाख का जुर्माना
Gadchiroli: 15 करोड़ की लागत से बना पुल 5 वर्ष में जर्जर, लोगों की शिकायतों के बाद भी नहीं उठाए ठोस कदम
यह भी पढ़ें:- नागपुर मंडल में मध्य रेलवे का सघन टिकट चेकिंग अभियान, 22 ट्रेनों में 1,128 यात्री पकड़े, 10 लाख का जुर्माना
शिंदे के प्रयास से परियोजना को मिली गति
परियोजना शुरू होने के बाद मुलुंड-ऐरोली पुल, ठाणे-बेलापुर मार्ग और राष्ट्रीय राजमार्ग-4 के बीच तेज और जाम रहित संपर्क स्थापित होगा। इससे रोजाना हजारों वाहन चालकों का समय और ईंधन बचेगा। साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों की माल ढुलाई भी अधिक सुगम हो जाएगी।
इस परियोजना की प्रगति में सांसद डॉ. श्रीकांत शिदे की लगातार निगरानी और फॉलोअप को अहम माना जा रहा है। उन्होंने समय-समय पर एमएमआरडीए अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकें कीं, परियोजना स्थल का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उनके प्रयासों के बाद परियोजना के पहले दो चरण अब उद्घाटन के लिए तैयार हैं।
तीसरे चरण का निर्माण कार्य शुरू
वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग-4 से काटई नाका तक 6.71 किलोमीटर लंबे तीसरे चरण का निर्माण कार्य भी जारी है। इसे अगले एक से डेढ़ वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। तीसरा चरण पूरा होने के बाद पूरा 12.71 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड यातायात के लिए उपलब्ध हो जाएगा, जिससे नवी मुंबई, ठाणे, डोंबिवली और कल्याण के बीच आवागमन पहले से कहीं अधिक तेज और सुगम हो जाएगा।
