मरीजों को राहत: महाराष्ट्र के हर जिले में खुलेगा कैंसर ट्रीटमेंट सेंटर, तैयार होगी नीति

Mumbai News: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कैंसर मरीजों के लिए व्यापक नीति बनाने के निर्देश दिए। जल्द ही हर जिले में आधुनिक कैंसर केंद्र खुलेंगे और अधूरे अस्पताल प्रोजेक्ट पूरे होंगे।
महाराष्ट्र में खुलेंगे कैंसर उपचार केंद्र (pic credit; social media)
महाराष्ट्र में खुलेंगे कैंसर उपचार केंद्र (pic credit; social media)
Published on
Updated on

Cancer Treatment Centres in Maharashtra: कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों के लिए महाराष्ट्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य में व्यापक कैंसर नीति तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने सोमवार को अपने सरकारी निवास ‘वर्षा’ पर आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों और विशेषज्ञों को कहा कि राज्य के हर जिले में कैंसर मरीजों के लिए आधुनिक और सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

बैठक में स्वास्थ्य क्षेत्र के दिग्गज विशेषज्ञ और अधिकारी शामिल हुए। इनमें सार्वजनिक स्वास्थ्य राज्य मंत्री माधुरी मिसाल, सार्वजनिक स्वास्थ्य सचिव विनायक निपुण, चिकित्सा शिक्षा सचिव धीरज कुमार, स्वास्थ्य सेवा आयुक्त डॉ. कादंबरी बलकवडे, कैंसर केयर परियोजना के मानद सलाहकार कैलाश शर्मा और टाटा मेमोरियल अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टर सी.एस. प्रमेश, डॉ. श्रीपाद बनवाली और डॉ. पंकज चतुर्वेदी भी मौजूद रहे।
सीएम फडणवीस ने स्पष्ट कहा कि कैंसर सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बहुस्तरीय कैंसर ट्रीटमेंट सेंटर स्थापित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने नागपुर स्थित संत तुकडोजी महाराज कैंसर अस्पताल का अधूरा निर्माण कार्य जल्द पूरा करने का आदेश दिया। साथ ही इसके लिए आवश्यक धनराशि की व्यवस्था करने का भी भरोसा दिया।
यही नहीं, मुख्यमंत्री ने शिरडी स्थित श्री साईं संस्थान में अत्याधुनिक कैंसर अस्पताल स्थापित करने के प्रस्ताव पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस परियोजना को लेकर संस्थान को शीघ्र सूचित किया जाए।
विशेषज्ञों ने बैठक में राज्य में कैंसर मरीजों की बढ़ती संख्या और आधुनिक इलाज की जरूरत पर विस्तृत प्रस्तुति दी। सरकार का मानना है कि अगर समय रहते कैंसर मरीजों को सही और सुलभ इलाज उपलब्ध हो जाए तो जान बचाई जा सकती है। इसी सोच के तहत फडणवीस सरकार व्यापक कैंसर नीति पर काम शुरू करने जा रही है।
यह नीति लागू होने पर महाराष्ट्र में हर जिले में कैंसर जांच, सर्जरी, रेडिएशन और कीमोथेरेपी जैसी सुविधाएं आसानी से उपलब्ध होंगी। साथ ही मरीजों को दूर-दराज के शहरों में जाने की मजबूरी से भी राहत मिलेगी।
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com