मुंबई: लालबाग-परेल में BMC की बड़ी कार्रवाई; 12 साल पुराना अतिक्रमण ध्वस्त, स्कूल और मैदान का रास्ता साफ
Mumbai BMC News: बीएमसी ने लालबाग और परेल क्षेत्र में स्कूल व मनोरंजन मैदान के लिए आरक्षित भूखंड से 12 साल पुराना अतिक्रमण हटा दिया है। 7,872 वर्ग मीटर भूमि को खाली कराया गया।
- Written By: रूपम सिंह
बीएमसी अतिक्रमण कार्रवाई (सोर्स: सोशल मीडिया)
Mumbai BMC Encroachment Removal: बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने मेघवाड़ी, लालबाग, परेल और कालाचौकी क्षेत्र के नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए स्कूल और मनोरंजन मैदान के लिए आरक्षित भूखंड पर बने अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। एफ (दक्षिण) विभाग की ओर से चलाए गए विशेष अभियान के तहत आरक्षित भूमि पर बने चार अवैध निर्माणों को निष्कासित किया गया। इस भूखंड को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए पिछले 12 वर्षों से लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
बीएमसी अधिकारियों के अनुसार, मुंबई विकास योजना-2034 के तहत मेघवाड़ी, लालबाग, परेल और कालाचौकी क्षेत्र में स्थित भूखंड क्रमांक 1/118, 1 बी/118, 2/118, 3/118, 4/118 और 7/118 को सार्वजनिक उपयोग के लिए आरक्षित रखा गया है। इन भूखंडों का कुल क्षेत्रफल 7,872.14 वर्ग मीटर है। यहां भविष्य में नागरिकों की सुविधा के लिए मनोरंजन मैदान और मनपा विद्यालय विकसित किए जाने की योजना है।
बताया गया कि लंबे समय से इस भूमि पर अतिक्रमण होने के कारण प्रस्तावित परियोजनाओं का कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था। प्रशासन ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। अभियान के दौरान चार निर्माणों को हटाकर भूमि को खाली कराया गया।
सम्बंधित ख़बरें
अमरावती PWD रिश्वतकांड: ठेकेदार से पैसे लेते वीडियो वायरल, मुख्य अभियंता को LCB का नोटिस
नागपुर विदर्भ की गर्मी बनी मुद्दा, अदालत के निर्देशों के बावजूद फैसला क्यों? शिक्षा विभाग से जवाब तलब
मुंबई में पानी टैंकर संचालकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल खत्म, सीएम के आश्वासन के बाद एसोसिएशन ने लिया फैसला
नागपुर के 12 लॉन्स- क्लब जांच के घेरे में, मनपा से मांगा विस्तृत हलफनामा; कार्रवाई तेज
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में बच्चों के लिए खेल मैदान और शैक्षणिक सुविधाओं की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अतिक्रमण हटने के बाद अब इन सार्वजनिक सुविधाओं के विकास का रास्ता साफ हो गया है। इससे आसपास के हजारों नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है।
ये भी पढ़े:- मुंबई में पानी टैंकर संचालकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल खत्म, सीएम के आश्वासन के बाद एसोसिएशन ने लिया फैसला
मुंबई बीएमसी ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक उपयोग के लिए आरक्षित भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन का उद्देश्य विकास योजना के तहत निर्धारित परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करना और नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। अधिकारियों ने कहा कि खाली कराए गए भूखंड पर प्रस्तावित स्कूल और मनोरंजन मैदान के विकास की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
