मुंबई में पानी टैंकर संचालकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल खत्म, सीएम के आश्वासन के बाद एसोसिएशन ने लिया फैसला

Mumbai Water Supply: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आश्वासन के बाद मुंबई में पानी के टैंकर संचालकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त हो गई है। सभी नोटिस वापस लिए जाने का भरोसा मिला है।
The indefinite strike by water tanker operators in Mumbai has been called off following assurances from CM Devendra Fadnavis regarding the withdrawal of notices.
पानी टैंकर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

Mumbai Water Tanker Strike Called Off  CM Devendra Fadnavis: मुंबईवासियों के लिए राहत भरी खबर है। पानी के टैंकर संचालकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त हो गई है, जिससे शहर में गहराते जल संकट और आवश्यक सेवाओं पर मंडरा रहा खतरा फिलहाल टल गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा टैंकर ऑपरेटरों को जारी सभी नोटिस वापस लेने और उनके खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने का आश्वासन दिए जाने के बाद मुंबई टैंकर एसोसिएशन ने अपना आंदोलन वापस लेने का फैसला किया।

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में टैंकर संचालकों की विभिन्न मांगों पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान सरकार की ओर से आश्वासन दिया गया कि टैंकर संचालकों को जारी किए गए सभी नोटिस वापस लिए जाएंगे और उनके खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। इसके बाद एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने बांद्रा स्थित कलेक्टर कार्यालय में अधिकारियों के साथ चर्चा कर हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की।

मुंबई टैंकर एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष अमोल मंधारे ने बताया कि सरकार ने उनकी प्रमुख मांगों को स्वीकार करते हुए सकारात्मक रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने सभी नोटिस वापस लेने और किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं करने का भरोसा दिया है, जिसके बाद आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया गया। उन्होंने यह भी बताया कि कलेक्टर कार्यालय और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की ओर से अगले चार दिनों के भीतर इस संबंध में लिखित आदेश जारी किए जाने की उम्मीद है।

हड़ताल के कार ण मुंबई के कई इलाकों में पानी की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही थी। विशेष रूप से उन क्षेत्रों में चिंता बढ़ गई थी, जहां पानी की जरूरतों को पूरा करने के लिए बड़े पैमाने पर निजी टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ता है। अस्पतालों, निर्माण कार्यों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और आवासीय परिसरों पर भी इसका असर पड़ सकता था।

हालांकि, हड़ताल समाप्त होने के फैसले से स्थिति सामान्य होने की उम्मीद बढ़ गई है। टैंकर सेवाएं फिर से शुरू होने से शहर में पानी की आपूर्ति सुचारु बनी रहेगी और नागरिकों को संभावित संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा। सरकार और टैंकर संचालकों के बीच बने इस सहमति के माहौल को मुंबई शहर के लिए एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

Navbharat Live
navbharatlive.com