मुंबई को मिलने वाली है 8वीं महिला महापौर! BMC मेयर की रेस में सबसे आगे बीजेपी की तेजस्वी घोसालकर
BMC Mayor Reservation: बीएमसी मेयर पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित होने से मुंबई को नई महिला मेयर मिलना तय है। भाजपा की तेजस्वी घोसालकर फिलहाल इस पद के लिए सबसे मजबूत दावेदार मानी जा रही हैं।
- Written By: आकाश मसने
तेसस्वी घोसालकर (डिजाइन)
Mumbai Mayor Race: मुंबई नगर निगम (BMC) के मेयर पद के लिए आरक्षण की स्थिति अब पूरी तरह स्पष्ट हो चुकी है। हाल ही में निकली लॉटरी के अनुसार, इस बार बीएमसी की कमान एक ‘सामान्य वर्ग’ की महिला के पास होगी। इस घोषणा के साथ ही राजनीतिक गलियारों में भाजपा की तेजस्वी घोसालकर का नाम सबसे ऊपर चल रहा है।
मुंबई में मेयर की कुर्सी पर कौन बैठेगा, इसका फैसला गुरुवार (22 जनवरी 2026) को लॉटरी के जरिए हुआ। आरक्षण की इस प्रक्रिया में बीएमसी मेयर का पद सामान्य वर्ग की महिला के लिए आरक्षित किया गया है। इस फैसले के बाद यह साफ हो गया है कि दुनिया के सबसे अमीर नगर निगमों में शुमार बीएमसी की बागडोर एक महिला के हाथों में होगी। इससे पहले भी मुंबई में 7 महिलाएं इस गौरवशाली पद को संभाल चुकी हैं।
तेजस्वी घोसालकर: क्यों है उनका नाम सबसे आगे?
आरक्षण तय होने के बाद जिस नाम की चर्चा सबसे ज्यादा हो रही है, वह है तेजस्वी घोसालकर। तेजस्वी ने बीएमसी के वार्ड नंबर 2 से शानदार जीत दर्ज की है। उनके राजनीतिक सफर की बात करें तो उन्होंने 2017 में अविभाजित शिवसेना के टिकट पर वार्ड नंबर 1 से जीत हासिल की थी। हालांकि, 15 दिसंबर 2025 को उन्होंने उद्धव ठाकरे का साथ छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया था।
सम्बंधित ख़बरें
PM Modi के ड्रीम प्रोजेक्ट पर आयी नई अपडेट, पर्वत व पानी के अंदर गुजरने वाली सुरंगों का काम तेज
दूसरे दिन भी भूखे रहे Rohit Pawar, तबीयत बिगड़ी पर आंदोलन जारी, कृषि मंत्री ने किया फोन
भाजपा पर प्रियंका चतुर्वेदी ने साधा निशाना, कहा एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्ष के अस्तित्व को मिटाने की कोशिश
बागी सांसदों को BJP कभी स्वीकार नहीं करेगी, कल्याण बनर्जी के बदले तेवर, अभिषेक पर पिघला दिल
तेजस्वी के व्यक्तिगत जीवन में एक बड़ा दुखद मोड़ तब आया जब फरवरी 2024 में उनके पति और पूर्व पार्षद अभिषेक घोसालकर की फेसबुक लाइव के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब तेजस्वी अपनी राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए मेयर पद की रेस में सबसे प्रबल दावेदार बनकर उभरी हैं।
बीएमसी का सियासी गणित: बीजेपी का पलड़ा भारी
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बीएमसी में इस बार बीजेपी का मेयर बैठना लगभग तय है। हालिया चुनावों में भाजपा 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। बीजेपी ने एकनाथ शिंदे की शिवसेना के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था, जिसने 29 सीटें जीती हैं। दोनों दलों का संयुक्त आंकड़ा 118 तक पहुँचता है, जो बहुमत के जादुई आंकड़े 114 से चार अधिक है।
यह भी पढ़ें:- महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओं के लिए मेयर पद के आरक्षण की लॉटरी जारी; जानें आपके शहर में कौन बनेगा महापौर
दूसरी ओर, सत्ता में होने के बावजूद एकनाथ शिंदे की पार्टी से ज्यादा सीटें उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) ने जीती हैं, जिन्हें 65 सीटों पर सफलता मिली है। हालांकि, बहुमत का आंकड़ा बीजेपी गठबंधन के पास होने के कारण मेयर पद पर उनका दावा सबसे मजबूत है।
एक ऐतिहासिक उपलब्धि की ओर
यदि तेजस्वी घोसालकर या भाजपा की कोई अन्य महिला पार्षद मेयर बनती हैं, तो यह मुंबई के इतिहास में एक नया अध्याय होगा। अब तक सुलोचना मोदी समेत कुल 7 महिलाओं ने इस पद की शोभा बढ़ाई है। तेजस्वी घोसालकर ने चुनाव में उद्धव गुट की धनश्री कोलगे को हराकर अपनी क्षमता साबित की है, जिससे पार्टी के भीतर उनके नाम पर सहमति बनने की पूरी संभावना है।
