मुंबई में ट्रैफिक (सोर्स: सोशल मीडिया)
BMC Election Ward Analysis: मुंबई का धारावी, सायन, माहिम और दादर इलाका बीएमसी के जी उत्तर वार्ड में आता है। यहां समस्याओं का भी अंबार लगा रहता है, 3 वर्षों तक चुनाव न होने की वजह से स्थानीय लोगों के पास जन-प्रतिनिधि नहीं थे, जिस वजह से शिकायतें त्वरित हल नहीं हो पाती हैं। वहीं कई स्थानीय लोग ऐसे भी हैं, जो इस वार्ड के अधिकारी विनायक विसपुते के कामकाज से खुश नहीं हैं और उनके तबादले की मांग भी करते हैं।
बीएमसी चुनाव की घोषणा होने पर लोगों ने राहत की सांस ली है और आने वाले नगरसेवकों से आस लगाए बैठे हैं। बीएमसी से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, इस वार्ड की जनसंख्या करीब 6 लाख के आसपास है। इस वार्ड में नगरसेवक की 11 सीटें हैं, जहां पिछले चुनाव में शिवसेना का दबदबा देखने को मिला था। इस वर्ष शिवसेना (उद्धव गुट), कांग्रेस और भाजपा में त्रिकोणीय मुकाबले की उम्मीद लगाई जा रही है।
धारावी का पुनर्वास, शिवाजी पार्क में धूल की समस्या, माहिम कॉजवे में ट्रैफिक की समस्या, सायन कोलीवाड़ा में कोली समुदाय की समस्या जैसे कुछ बड़े कंपनी द्वारा मानसून में अवैध रूप से मछली पकड़ना जैसे तमाम समस्याओं से यह इलाका लगातार जूझ रहा है।
स्थानीय निवासी वायु प्रदूषण, अवैध पार्किंग, फुटपाथ अतिक्रमण की वजह से भी परेशान है। कई इलाकों में पानी के कनेक्शन नहीं है, जिस वजह से लोगों की दिक्कतें बढ़ जाती हैं। बीएमसी कार्यालय के चक्कर काटकर लोग थक गए, लेकिन उनका कोई सुनने वाला नहीं है।। ऐसे में लोग नगरसेवक से काफी कुछ उम्मीदें लेकर बैठे हैं।
| वार्ड नंबर | पार्षद का नाम | पार्टी | आरक्षण श्रेणी | प्राप्त वोट |
|---|---|---|---|---|
| वार्ड 182 | मिलिंद वैद्य | शिवसेना | ओबीसी | 6,899 |
| वार्ड 183 | गंगा माने | कांग्रेस | अनुसूचित जाति (महिला) | 3,896 |
| वार्ड 184 | बब्बू खान | कांग्रेस | महिला | 7,017 |
| वार्ड 185 | थैवलपिल मक्कुनी | शिवसेना | सामान्य | 5,802 |
| वार्ड 186 | वसंत नकाशे | शिवसेना | अनुसूचित जाति (महिला) | 8,794 |
| वार्ड 187 | मरिअम्माल वेवर | शिवसेना | ओबीसी | 6,876 |
| वार्ड 188 | रेशमा बानो खान | राकांपा | सामान्य | 7,150 |
| वार्ड 189 | हर्षला मोरे | मनसे | अनुसूचित जाति (महिला) | 5,920 |
| वार्ड 190 | शीतल गभीर | बीजेपी | सामान्य | 8,401 |
| वार्ड 191 | विशाखा राउत | शिवसेना | ओबीसी (महिला) | 10,660 |
| वार्ड 192 | प्रीति पाटणकर | शिवसेना | सामान्य | 10,525 |
इस वार्ड के अंतर्गत नगरसेवकों की कुल 11 सीटें हैं। वर्ष 2017 के चुनाव में 11 सीटों में से 6 सीटों पर शिवसेना ने कब्जा किया था। वहीं दो सीटों पर कांग्रेस और मात्र एक- एक सीट पर राकांपा, भाजपा व मनसे ने जीत हासिल की थी। लेकिन इस वर्ष शिवसेना व राकां दो गुटों में विभाजित है, जिससे बीजेपी का पलड़ा भारी दिख रहा है।
यह भी पढ़ें:- Mumbai: कोस्टल रोड के लिए कटेंगे 9 हजार मैंग्रोव, BMC ने 60000 पेड़ों में से 45 हजार को किया चिह्नित
राजनीतिक विशेषज्ञों के मुताबिक, इस इलाके में बीजेपी और शिवसेना (उद्धव गुट) के बीच कांटे की टक्कर हो सकती है। वहीं शिवसेना और मनसे के एक साथ आने से मराठी वोटर उनके पक्ष में होने की उम्मीद जताई जा रही है। शिवसेना (उद्धव गुट) को यहां अपना वर्चस्व कायम रखने के लिए जमकर पसीना बहाना पड़ेगा।
-नवभारत लाइव के लिए मुंबई से ब्रिजेश पाठक की रिपोर्ट