धारावी पुनर्विकास में बड़ी राहत: SVP नगर के 65% निवासी पात्र, 332 घरों को मिलेगा नया आशियाना
Mumbai News: धारावी पुनर्विकास से बड़ी खबर सामने आई है। SVP नगर के 507 में से 332 घर पात्र घोषित किये गये है। 65% निवासियों को नया आशियाना मिलेगा।
- Written By: सोनाली चावरे
धारावी पुनर्विकास (pic credit; social media)
Dharavi redevelopment: धारावी पुनर्विकास परियोजना (DRP) में सरदार वल्लभभाई पटेल (SVP) नगर के निवासियों के लिए बड़ी खबर आई है। DRP ने दूसरी प्रारूप अनुलग्नक-II सूची जारी कर दी है। इसमें शामिल 507 आवासीय ढांचों में से 332 को पात्र घोषित किया गया है, यानी SVP नगर के 65% निवासी अब पुनर्विकास लाभ पाने वाले हैं।
दूसरे मसौदे में कुल 546 ढांचे दर्ज थे, जिनमें से 39 सार्वजनिक सुविधाएं थीं। इन्हें हटाने के बाद वास्तविक आवासीय इकाइयों की संख्या 507 हुई। सूची के अनुसार, 201 परिवारों को धारावी में ही यथास्थान पुनर्वास मिलेगा, जबकि 131 परिवारों को धारावी से बाहर आवास दिया जाएगा।
अब तक केवल 35 आवास धारकों को अपात्र माना गया है, वह भी दस्तावेजों की कमी की वजह से। DRP ने स्पष्ट किया है कि अंतिम फैसला आने तक उन्हें अपील का अधिकार रहेगा। सूची में अभी 179 अन्य ढांचे लंबित हैं। इनमें 36 सार्वजनिक शौचालय, 2 धार्मिक ढांचे और 1 सुविधा ढांचा शामिल है। इनकी जांच मुंबई मनपा और बेस्ट जैसी एजेंसियों द्वारा की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद सूची को अपडेट किया जाएगा।
सम्बंधित ख़बरें
सेंट्रल रेलवे के नए सेफ्टी नियमों पर विवाद, लोकल सेवाएं प्रभावित, यात्री परेशान
यवतमाल में अवैध साहूकारी के खिलाफ प्रशासन का बड़ा एक्शन; एक साथ 4 ज्वेलर्स पर छापेमारी, दस्तावेज जब्त
चंद्रपुर में नकली कपास बीज पर बड़ी कार्रवाई, बिना लाइसेंस बीज भंडारण पर एक्शन; 86 हजार का माल जब्त
‘राइट डॉक्टर, राइट पोस्ट’ नीति लागू, जिला और ग्रामीण अस्पतालों में मजबूत होंगी स्वास्थ्य सेवाएं
नियमों के मुताबिक, 1 जनवरी 2000 से पहले बने सभी आवासीय, वाणिज्यिक और औद्योगिक ढांचे पुनर्विकास के पात्र हैं। पात्र आवास मालिकों को 350 वर्ग फुट का घर मिलेगा, जो मुंबई की किसी भी अन्य झुग्गी पुनर्विकास योजना से 17% बड़ा है। वहीं वाणिज्यिक और मिश्रित उपयोग वाले ढांचे को 225 वर्ग फुट तक मुफ्त और उससे ज्यादा क्षेत्र सरकार द्वारा तय दरों पर दिया जाएगा। DRP का कहना है कि यह सूची पुनर्विकास को गति देने की दिशा में बड़ा कदम है। साथ ही निवासियों को पारदर्शी और सुरक्षित पुनर्वास सुनिश्चित करने के लिए चार-स्तरीय शिकायत निवारण प्रणाली भी मौजूद है।
