दूषित जल (सौ. सोशल मीडिया )
Bhandup Contaminated Water Supply Issue: मुंबई के भांडुप पश्चिम स्थित माता रमाबाई नगर में दूषित पानी की आपूर्ति से नागरिकों में चिंता बढ़ गई है।
आरोप है कि जर्जर पाइपलाइन में नाले का पानी मिल जाने से घरों तक गंदा पानी पहुंच रहा है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
इस समस्या को लेकर शिवसेना (उबाठा) की प्रभाग क्रमांक 114 की नवनिर्वाचित नगरसेविका राजोल संजय पाटिल ने ‘एस’ वार्ड की सहायक आयुक्त समरीन सैयद से मुलाकात की। उन्होंने अधिकारियों को इलाके की गंभीर स्थिति से अवगत कराते हुए जल्द समाधान की मांग की। इस दौरान पूर्व नगरसेवक रमेश कोरगांवकर भी मौजूद रहे।
स्थानीय प्रतिनिधियों के अनुसार, जलापूर्ति करने वाली पाइपलाइनें सीवेज नालों से होकर गुजरती हैं। पुरानी और क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों में नाले का पानी घुस जाने से दूषित जल घरों तक पहुंच रहा है। इसके अलावा पाइपलाइन की खराब स्थिति के कारण नाले जाम हो रहे हैं और गंदा पानी आसपास फैल रहा है।
नगरसेविका राजोल पाटिल ने कहा कि मुंबई जैसे महानगर में स्वच्छ पेयजल की कमी बेहद चिंताजनक है। उन्होंने महानगरपालिका से जल्द नई पाइपलाइन बिछाने और स्वच्छ जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी जोखिम से बचाया जा सके।
ये भी पढ़ें :- मुंबई लोकल की बढ़ती भीड़ पर सांसद संजय दीना पाटिल का हमला, रेलवे सुरक्षा पर उठाए सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि दूषित पानी के कारण रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। अब सभी की नजरें महानगरपालिका की कार्रवाई पर टिकी हैं, ताकि जल्द स्थायी समाधान निकल सके और क्षेत्र में स्वच्छ जलापूर्ति बहाल हो सके।