जानिए कब खत्म होगी BEST बस कर्मचारियों की हड़ताल, क्यों रातोंरात हुआ चक्काजाम?

Mumbai BEST Bus Strike Current Status: मुंबई में बेस्ट बस कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से चक्काजाम। जानिए क्यों आधी रात से ठप हुई सेवा और क्या हैं मांगें।
Mumbai BEST Bus Strike
BEST कर्मचारियों की बेमुदत हड़ताल (फोटो क्रेडिट-X)
Updated on

Mumbai BEST Bus Strike: मुंबईकरों की दूसरी लाइफलाइन कही जाने वाली बेस्ट (BEST) बसों के पहिए 18 जून 2026 की आधी रात से पूरी तरह थम गए हैं। 'बेस्ट संयुक्त कामगार कृति समिति' (12 यूनियनों का एक संयुक्त संगठन) के आह्वान पर 23,000 से अधिक कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। इस अचानक हुए चक्काजाम के कारण शुक्रवार सुबह से ही मुंबई की सड़कों पर हाहाकार मच गया है। दफ्तर और स्कूल-कॉलेज जाने वाले लाखों यात्री बस स्टॉप पर फंसे नजर आए। आमतौर पर रोजाना करीब 2,700 बसें चलाने वाली बेस्ट की सिर्फ 32 बसें ही सड़कों पर उतर सकीं, जिनमें से कुछ पर पथराव की खबरें भी सामने आई हैं।

न्यायालय द्वारा हड़ताल पर अंतरिम रोक लगाने और सरकार द्वारा आवश्यक सेवा रखरखाव अधिनियम (MESMA) लागू किए जाने के बावजूद कर्मचारी इस आर-पार की लड़ाई के लिए अड़े हुए हैं।

रातोंरात क्यों हुआ चक्काजाम? ये हैं 5 बड़ी वजहें

कर्मचारी संगठनों का कहना है कि वे पिछले तीन महीनों से लगातार मुंबई नगर निगम (BMC) और बेस्ट प्रशासन के साथ पत्राचार कर रहे थे, लेकिन उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया। इसी अनदेखी के कारण गुरुवार शाम दादर में हुई एक बैठक के बाद रातोंरात चक्काजाम का फैसला लिया गया। हड़ताल के पीछे मुख्य रूप से ये 5 मांगें हैं:

1. बीएमसी और बेस्ट बजट का विलय: कर्मचारियों की सबसे पुरानी और मुख्य मांग है कि बेस्ट के 'सी' बजट को मुंबई महानगरपालिका (BMC) के मुख्य बजट के साथ जोड़ा जाए, ताकि बेस्ट को स्थायी वित्तीय सुरक्षा मिल सके।

2. सातवें वेतन आयोग को लागू करना: कर्मचारी साल 2016 से 2026 की अवधि के लिए सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुसार वेतन संशोधन (Pay Revision) और बकाया राशि के भुगतान की मांग कर रहे हैं।

3. ठेका पद्धति (Wet-Lease) का विरोध: वर्तमान में बेस्ट की 2,700 बसों में से अधिकांश निजी ऑपरेटरों से 'वेट-लीज' पर ली गई हैं। यूनियन की मांग है कि इस निजीकरण को रोका जाए और अनुबंधित कर्मचारियों को बेस्ट के स्थायी ढांचे में शामिल किया जाए।

4. सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बकाए का भुगतान: साल 2022 से सेवानिवृत्त (Retired) हुए कर्मचारियों की ग्रेच्युटी और अन्य कानूनी बकाया राशि का एकमुश्त निपटारा अभी तक प्रशासन द्वारा नहीं किया गया है।

5. खुद की 6,000 बसें और नई भर्ती: यूनियन चाहती है कि बेस्ट पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल को छोड़कर खुद के स्वामित्व वाली कम से कम 6,000 बसें चलाए और खाली पड़े पदों पर तत्काल स्थायी भर्ती की जाए।

यातायात के साथ दक्षिण मुंबई की बत्ती गुल होने का खतरा

इस बार की बेस्ट बस हड़ताल इसलिए भी ज्यादा गंभीर है क्योंकि इसमें केवल बस चालक और संवाहक (कंडक्टर) ही नहीं, बल्कि बेस्ट के बिजली विभाग के कर्मचारी भी शामिल हो गए हैं। बता दें कि बेस्ट केवल बसें ही नहीं चलाती, बल्कि दक्षिण और मध्य मुंबई के 10 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को बिजली भी सप्लाई करती है। बिजली विभाग के कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से मुंबई के इस महत्वपूर्ण हिस्से में बिजली आपूर्ति चरमराने का खतरा पैदा हो गया है। हालांकि, भाजपा नेता प्रसाद लाड और शशांक राव से जुड़े कुछ धड़ों ने खुद को इस आंदोलन से अलग रखा है, लेकिन धारावी डिपो सहित सभी 27 डिपो पर कर्मचारियों का भारी हुजूम डटा हुआ है।

कब खत्म होगी हड़ताल? जानिए मौजूदा स्थिति

हड़ताल कब खत्म होगी, यह पूरी तरह से सरकार और मुंबई नगर निगम (BMC) के रुख पर निर्भर करता है। बेस्ट कृति समिति के नेताओं ने साफ किया है कि वे कोर्ट के आदेश का सम्मान करते हैं, लेकिन कोर्ट ने प्रशासन को भी बातचीत का रास्ता निकालने को कहा था। यूनियन नेताओं का कहना है कि "बातचीत के लिए हमारे दरवाजे चौबीस घंटे खुले हैं, जैसे ही लिखित आश्वासन मिलेगा, हड़ताल वापस ले ली जाएगी।" फिलहाल यात्रियों की परेशानी को देखते हुए मुंबई पुलिस ने डिपो पर सुरक्षा बढ़ा दी है और रेलवे व मेट्रो को अतिरिक्त फेरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com