

BEST Workers Indefinite Strike News: बेस्ट उपक्रम का बीएमसी में विलय करने, उपक्रम के परिवहन और बिजली विभाग के कर्मचारियों के साथ-साथ संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) कर्मचारियों की आर्थिक समस्याओं को हल करने जैसी प्रमुख मांगों को लेकर बेस्ट के कर्मचारी गुरुवार आधी रात से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं।
जब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक हड़ताल वापस नहीं ली जाएगी, ऐसा दृढ़ संकल्प हड़ताली कर्मचारियों ने 'बेस्ट कामगार संयुक्त कृति समिति' की बैठक में व्यक्त किया।
इस हड़ताल में कुल 12 संगठन शामिल हुए हैं, जिसके कारण शहर की सभी 5 से 6 हजार बस फेरे (ट्रिप्स) ठप हो जाएंगे, साथ ही बिजली आपूर्ति भी बाधित होने की आशंका के कारण मुंबईवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
यूनियन का कहना है कि बेस्ट कर्मचारियों की समस्याओं को हल करने के बजाय सरकार ने बेस्ट की संपत्तियों और डिपो के पुनर्विकास के नाम पर अपने उद्योगपति मित्रों को फायदा पहुंचाने का सिलसिला शुरू कर दिया गया है। इसके खिलाफ कर्मचारियों में गुस्से की लहर दौड़ गई है।
विभिन्न मांगों को लेकर बेस्ट के 23 हजार स्थायी कर्मचारी और 15 हजार से अधिक संविदा कर्मचारी, यानी कुल मिलाकर 38 हजार से भी ज्यादा कर्मचारी गुरुवार आधी रात से हड़ताल पर चले गए है। इस हड़ताल को बेस्ट उपक्रम से सेवानिवृत्त हुए 6 हजार कर्मचारियों ने भी अपना समर्थन घोषित किया है। गुरुवार को दादर स्थित मुंबई मराठी ग्रंथसंग्रहालय में हुई 'बेस्ट कामगार संयुक्त कृति समिति की बैठक में हड़ताल का निर्णय घोषित किया गया।