Bareka Locomotive Production Record (सोर्सः सोशल मीडिया)
Indian Railways Locomotive Manufacturing: भारतीय रेल हर मोर्चे पर तेजी से आगे बढ़ रही है। इसी कड़ी में बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) ने जीएम आशुतोष पंत के कुशल नेतृत्व में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। भारतीय रेल के औद्योगिक इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 में 572 रेल इंजनों का निर्माण किया है।यह उपलब्धि बरेका की उत्कृष्ट तकनीकी क्षमता, कुशल प्रबंधन और अधिकारियों, कर्मचारियों की अथक मेहनत का फल है।
पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में 477 रेल इंजनों का निर्माण हुआ था, जबकि इस वर्ष उत्पादन में लगभग 20 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। 572 लोकोमोटिव में भारतीय रेलवे के लिए 558 आधुनिक विद्युत लोकोमोटिव शामिल हैं।
WAG-9- 401 (माल वाहक इलेक्ट्रिक लोको) WAP-7-143 (यात्री वाहक इलेक्ट्रिक लोको) अमृत भारत लोको-14 मोजांबिक को निर्यात हेतु 10 डीजल लोकोमोटिव एवं घरेलू ग्राहकों हेतु 04 डीजल लोकोमोटिव है। उल्लेखनीय है, कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित 553 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के लक्ष्य के मुकाबले 558 लोकोमोटिव का निर्माण किया गया, जो लक्ष्य से लगभग 1 प्रतिशत अधिक एवं पिछले वर्ष की तुलना में 18 प्रतिशत है।
अपनी स्थापना से लेकर अब तक बरेका कुल 11259 रेल इंजनों का निर्माण कर चुका है, जिनमें 2925 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव शामिल हैं। यह उपलब्धि भारतीय रेल की आत्मनिर्भरता और तकनीकी उत्कृष्टता की दिशा में बरेका के महत्वपूर्ण योगदान को दर्शाती है।
बताया गया कि बरेका द्वारा निर्मित लोकोमोटिव में चालक दल की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसके तहत लोको कैब में वाटरलेस यूरिनल सीएलआई सीट, सिग्नल एक्सचेंज लाइट डीपीडब्ल्यूसीएस‘कवच’ सुरक्षा प्रणाली जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का समावेश किया गया है। इन नवाचारों के परिणामस्वरूप बरेका को प्रोडक्शन यूनिट श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ लोको कैब का प्रथम पुरस्कार भी प्राप्त हुआ है।
ये भी पढ़े: गोंदिया में शिक्षकों का बड़ा आंदोलन, 6 अप्रैल से अनिश्चितकालीन श्रृंखलाबद्ध अनशन का ऐलान
यूरोपियन स्टैंडर्ड की प्रतिष्ठित संस्था UNIFE द्वारा बरेका को इंटरनेशनल रेलवे इंडस्ट्री स्टैंडर्ड (IRIS) के अंतर्गत आईएसओ 22163 का सिल्वर ग्रेड प्रमाण-पत्र लगातार दूसरी बार प्रदान किया गया है। उत्कृष्ट उत्पादन के साथ-साथ बरेका ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी निरंतर कार्य कर रहा है।
वर्षा जल संचयन के लिए तालाबों एवं सोक पिट के माध्यम से हर वर्ष हजारों लीटर वर्षा जल का संचय किया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में बरेका में ग्रिड कनेक्टेड सोलर पावर प्लांट की स्थापित क्षमता 3874 किलोवाट-पीक है। इससे 41.76 लाख यूनिट सौर ऊर्जा का उत्पादन हुआ, जो बरेका की कुल वार्षिक ऊर्जा खपत का लगभग 19.87 प्रतिशत है। इस सौर ऊर्जा से लगभग 1.58 करोड़ रुपये की बचत हुई है।