कांग्रेस ने किया बारामती और राहुरी उपचुनाव लड़ने का ऐलान, तो संजय राउत ने ली चुटकी, बोले- बिहार हो या बंगाल…
Maharashtra By Election: महाराष्ट्र की बारामती और राहुरी विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनावों के लिए कांग्रेस ने ताल ठोक दी है। वहीं संजय राउत ने गठबंधन धर्म और सीटों के समीकरण पर बड़ा बयान दिया है।
- Written By: आकाश मसने
संजय राउत (सोर्स: सोशल मीडिया)
Sanjay Raut On Congress: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर सरगर्मी तेज हो गई है। राज्य की दो महत्वपूर्ण विधानसभा सीटों बारामती और राहुरी पर होने वाले उपचुनावों के लिए कांग्रेस ने अपनी दावेदारी पेश कर दी है। कांग्रेस आलाकमान से हरी झंडी मिलने के बाद पार्टी दोनों सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है। हालांकि, इस फैसले ने महाविकास अघाड़ी (MVA) के भीतर हलचल पैदा कर दी है।
अजित पवार के निधन के बाद बारामती का समीकरण
बारामती विधानसभा सीट पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के असामयिक निधन के कारण खाली हुई है। इस सीट को लेकर शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने एक बड़ा बयान दिया है। राउत ने कहा कि अजित पवार के निधन के बाद शरद पवार की पार्टी संभवतः ‘पारिवारिक धर्म’ निभाते हुए इस सीट पर उम्मीदवार नहीं उतारेगी। लेकिन यदि कोई अन्य दल (कांग्रेस या अन्य) वहां से चुनाव लड़ना चाहता है, तो हमें उसका विरोध नहीं करना चाहिए।
राहुरी सीट पर किसका अधिकार?
राहुरी विधानसभा सीट भाजपा विधायक शिवाजीराव कार्डिले के निधन से रिक्त हुई है। भाजपा ने यहां से शिवाजीराव के बेटे अक्षय कार्डिले को अपना उम्मीदवार बनाया है। राउत का मानना है कि राहुरी में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) की ताकत अधिक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गठबंधन का आधार यही है कि जिस पार्टी की जहां ताकत हो, उसे वहां लड़ना चाहिए। राउत ने कांग्रेस पर चुटकी लेते हुए कहा कि वे बिहार, बंगाल और नागालैंड जैसे राज्यों में भी लड़ते हैं, लेकिन परिणाम सबको पता होते हैं।
सम्बंधित ख़बरें
रॉन्ग साइड ड्राइविंग ने उजाड़ दिए परिवार, बारातियों से भरे टेंपो और कंटेनर में भीषण भिड़ंत, 13 की मौत
NCP में आंतरिक कलह के चलते सुनेत्रा पवार ने बुलाई कोर कमेटी की मीटिंग, क्या थमेगा आंतरिक कलह?
परिवार ने दर्ज कराई लड़की लापता होने की रिपोर्ट, पुलिस ने कहा- हमारी गाड़ियों में डिजल नहीं, हम नहीं ढूंढ सकते
धुले डबल मर्डर केस में सनसनीखेज खुलासा, तांत्रिक ने छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवती को उतारा मौत के घाट
महाविकास अघाड़ी की रणनीति
कांग्रेस ने बारामती के लिए संभावित उम्मीदवारों के इंटरव्यू भी शुरू कर दिए हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि वे सहयोगियों (NCP-SP और शिवसेना-UBT) से चर्चा करने के बाद ही अंतिम फैसला लेंगे। दूसरी ओर, संजय राउत ने चेतावनी दी है कि हमें ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहिए जिससे भाजपा को फायदा हो।
यह भी पढ़ें:- Baramati By Election: सुनेत्रा पवार की बढ़ती जा रही मुश्किलें! 30 उम्मीदवारों ने खरीदे नामांकन
चुनाव की महत्वपूर्ण तारीखें
चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, इन दोनों सीटों पर 23 अप्रैल 2026 को मतदान होगा और 4 मई को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अप्रैल है। वहीं नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 9 अप्रैल तय की गई है।
