भाजपा-शिवसेना सीट बंटवारे से आरपीआई (ए) को बाहर रखना ‘विश्वासघात’: रामदास आठवले
Ramdas Athawale: केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने भाजपा और शिवसेना के बीच बीएमसी चुनाव के लिए हुए सीट बंटवारे से आरपीआई (ए) को बाहर रखने को विश्वासघात बताया और 50 सीटों पर चुनाव लड़ने का संकेत दिया।
- Written By: आंचल लोखंडे
Ramdas Athawale: केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले (सोर्सः सोशल मीडिया)
BMC Seat Sharing: केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने मंगलवार को कहा कि आगामी मुंबई नगर निकाय चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिवसेना के बीच हुए सीट बंटवारे के समझौते से उनकी पार्टी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) को बाहर रखा जाना “विश्वासघात” है। सत्तारूढ़ सहयोगी भाजपा और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने सोमवार को बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव में क्रमशः 137 और 90 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए आपसी सहमति जताई थी।
इस समझौते से नाराज आठवले ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “महायुति के गठन के बाद से हम पूरी निष्ठा और दृढ़ता के साथ गठबंधन के साथ खड़े रहे हैं, लेकिन सीट बंटवारे को लेकर आज जो हुआ है, वह विश्वासघात है।”उन्होंने दावा किया कि सोमवार शाम चार बजे इस मुद्दे पर चर्चा के लिए बैठक तय थी, लेकिन गठबंधन सहयोगी अपनी प्रतिबद्धता निभाने में विफल रहे।
यह केवल समय की बर्बादी नहीं
आठवले ने कहा,“यह केवल समय की बर्बादी नहीं है, बल्कि हमारे स्वाभिमान पर सीधा हमला है।” उन्होंने आगे कहा “मुंबई निकाय चुनाव नजदीक हैं। मैं अपने पार्टी कार्यकर्ताओं के इस अपमान को बर्दाश्त नहीं करूंगा। आज मेरे कार्यकर्ता जो भी निर्णय लेंगे, मैं उसका पूरा समर्थन करूंगा।”
सम्बंधित ख़बरें
NCP को लगेगा अब तक का सबसे बड़ा झटका? भाजपा में शामिल होंगे 40 लोग, कांग्रेस के बयान से मचा हड़कंप
मुंबई के 79 पार्षदों की कुर्सी खतरे में? चुनाव को अदालत में चुनौती, RTI के इस बड़े खुलासे से मचा हड़कंप
नाफेड की चना खरीद अवधि बढ़ाई जाए, सांसद काले ने पालकमंत्री बावनकुले से की मांग
गिरता रुपया और NEET पेपर लीक पर भड़के कांग्रेस के अतुल लोंढे, बोले- अब देश की इज्जत कम नहीं हो रही है क्या?
50 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामांकन
इस बीच, आरपीआई (ए) के सूत्रों ने बताया कि पार्टी 50 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करेगी। पार्टी के एक सूत्र ने कहा कि “नामांकन वापस लेने के लिए अभी भी समय है। यदि सम्मानजनक चर्चा होती है तो नामांकन वापस लेने या सौहार्दपूर्ण तरीके से चुनाव लड़ने पर विचार किया जा सकता है। फिलहाल हम 50 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ रहे हैं।”
ये भी पढ़े: एयरपोर्ट है या आर्ट गैलरी? Navi Mumbai Airport के ‘डांसिंग कर्टन्स’ का Video सोशल मीडिया पर वायरल
जहां भाजपा और शिवसेना ने सीट बंटवारे के समझौते की घोषणा कर दी है, वहीं महायुति का एक अन्य घटक दल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) बीएमसी चुनाव अलग से लड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों के चुनाव 15 जनवरी को होने हैं और इनके लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि मंगलवार है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
