अशोक जैन को मिला प्रतिष्ठित ‘विवेकानंद इंटरनेशनल रिलेशन्स पीस अवार्ड’
Mumbai News: मुंबई के होटल ताजमहल पैलेस में चक्र विजन इंडिया फाउंडेशन द्वारा आयोजित एक शानदार समारोह में जैन इरिगेशन सिस्टम्स लिमिटेड के अध्यक्ष अशोक जैन को कृषि, किसान कल्याण और सामाजिक विकास में उनके अभूतपूर्व योगदान के लिए ‘विवेकानंद इंटरनेशनल रिलेशन्स पीस अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार उन व्यक्तियों को दिया जाता है, जिन्होंने कृषि, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, सतत विकास और मानवतावादी कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देकर वैश्विक स्तर पर भारत का नाम रोशन किया हो।
समारोह में पद्मविभूषण और पद्मभूषण डॉ. मनमोहन शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे। अशोक जैन को भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल अरुण अंथानारायणन, मशहूर अभिनेता जैकी श्रॉफ, पद्मश्री डॉ. जी. डी. यादव, रवि अय्यर और वीर अवार्ड के संयोजक गगन मल्होत्रा ने पुरस्कार प्रदान किया। इस दौरान जैन इरिगेशन के सह-प्रबंध निदेशक अतुल जैन भी उपस्थित थे।
कार्यक्रम में दो परिसंवाद आयोजित हुए, जिसमें गणमान्य व्यक्तियों ने वैश्विक कल्याण और सतत विकास जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए। यह समारोह हर साल 11 सितंबर को स्वामी विवेकानंद के 1893 में शिकागो में दिए गए ऐतिहासिक भाषण की स्मृति में आयोजित किया जाता है, जिसमें उन्होंने ‘वसुधैव कुटुंबकम’ का संदेश दुनिया को दिया था।
फाउंडेशन के मार्गदर्शकों में गौरांग दास, मोहनजी, आचार्य लोकेश मुनीजी, पद्मश्री डॉ. जी. डी. यादव, पद्मश्री डॉ. इंदिरा आहूजा, रवि अय्यर, मनोज तिवारी और विनय सहस्त्रबुद्धे शामिल हैं। वीर अवार्ड की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सारिका पन्हालकर के नेतृत्व में आर. वेंकटरमण, मालव श्रॉफ, ए. राजेशखरन, चंद्रमोहन पुपाला और अशोक मोटवानी मार्गदर्शन समिति में शामिल हैं।
अशोक भवरलाल जैन ने कहा, “जैन इरिगेशन का कार्य कृषि क्षेत्र में क्रांति ला रहा है। जल प्रबंधन, सिंचन और खाद्य सततता के लिए हमारे नवाचार विश्व भर के किसानों और समुदायों को सशक्त बना रहे हैं। ‘वसुधैव कुटुंबकम’ का तत्त्व हमारे कार्यों में झलकता है, जो वैश्विक सौहार्द और भारत की उत्कृष्टता को बढ़ावा देता है। ‘सार्थक करूया जन्माचे, रूप पालटू वसुंधरेचे’ के मंत्र के साथ हम निरंतर कार्यरत हैं।”
यह भी पढ़ें- ठाणे की सियासत में रणछोड़, नाईक का शिंदे पर वार- पूछा असली ‘रावण’ कौन? किसका तोड़ेंगे अहंकार
इस समारोह में अशोक जैन के साथ-साथ माता अमृतानंदमयीजी (कुलगुरु, अमृता विश्वविद्यापीठ), बाबा कल्याणी (चेयरमैन, भारत फोर्ज), विक्रम श्रॉफ (चेयरमैन, यूपीएल ग्रुप), नादिर गोदरेज (चेयरमैन, गोदरेज इंडस्ट्रीज), मधुकर पारेख (चेयरमैन, पीडीलाइट इंडस्ट्रीज), डॉ. हुजेफा खोराकीवाला (चेयरमैन, वॉकहार्ट लि.), मनीष झवेरी (चेयरमैन, क्यूके टेक्नोलॉजी), विश्वास जैन (कार्यकारी निदेशक, सीईजी ग्रुप) और विशाल चोरडिया (निदेशक, सुहाना मसाला) को भी विभिन्न क्षेत्रों में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।गौरतलब है कि पिछले साल रतन टाटा को आजीवन उपलब्धि पुरस्कार से नवाजा गया था।