खतरे में एयर इंडिया की उड़ानें! ईरान-इजरायल संघर्ष से एयर स्पेस हुए बंद, इन विमानों को किया डायवर्ट
अहमदाबाद विमान हादसे के कारण हुई 265 लोगों की मौत के मामले से लोग उभरे नहीं है। इसी बीच शुक्रवार को मुंबई से लंदन के लिए रवाना हुए एक विमान को बीच रास्ते से वापस बुलाना पड़ा।
- Written By: प्रिया जैस
एयर इंडिया विमान (सौजन्य-एएनआई)
मुंबई: अहमदाबाद में लंदन जा रहे एयर इंडिया के विमान के गुरुवार को दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण हुई 265 लोगों की मौत के मामले को अभी लोग समझने का प्रयास कर ही रहे हैं। इसी बीच शुक्रवार को मुंबई से लंदन के लिए रवाना हुए एक विमान को बीच रास्ते से वापस बुलाना पड़ा। इस घटना ने विमान में सवार यात्रियों सहित सभी को खौफजदा कर दिया। लगातार दो दिनों में हुई इन दो घटनाओं के कारण एयर इंडिया संकट में घिरती नजर आ रही है।
लंदन जा रहा एयर इंडिया का एक विमान गुरुवार को अहमदाबाद स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के बाद 30 सेकंड से भी कम समय में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस घटना से विमानन कंपनी एयर इंडिया की छवि को गहरा आघात पहुंचा है।
इसी बीच एयर इंडिया के लिहाज से एक और बुरी खबर सामने आई। दरअसल, मुंबई से लंदन जा रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट एआई-सी 129 को आधे रास्ते से ही वापस बुलाना पड़ा। बीच रास्ते से विमान के वापस लौटने की जानकारी मिलते यात्रियों में हड़कंप मच गया था। लोग एयर इंडिया की सेवा को लेकर सवाल उठाने लगे।
सम्बंधित ख़बरें
Iran Ali Khamenei Funeral: पिता अली खामेनेई के आखिरी सफर में भी नहीं होंगे शामिल मोजतबा, जानें वजह
Air India Bombing: कनाडा ने माना 1985 के विमान धमाके में था खालिस्तानियों का हाथ
पाकिस्तानी एयरस्पेस में घुसी एयर इंडिया की फ्लाइट! अमृतसर में लैंडिंग के वक्त अचानक पार हो गई सीमा, मचा हड़कंप
23 जून: एक दिन, दो त्रासदियां; बदली भारत की राजनीति और दुनिया का इतिहास
ईरान-इजरायल संघर्ष से एयर स्पेस बंद
अहमदाबाद के मेघानीनगर में हुई विमान दुर्घटनाग्रस्त के बाद शुक्रवार को आसमान में एक बार फिर से खौफ फैल गया। मुंबई से फ्लाइट संख्या एआई-सी 129 तय समय पर लंदन के लिए रवाना हुआ था। लेकिन कुछ देर बाद इसे वापस मुंबई डायवर्ट करना पड़ा। यह विमान तीन घंटे तक आसमान में मंडराता रहा और बाद में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
लेकिन विमान की वापसी किसी तकनीकी खराबी के कारण नहीं हुई, बल्कि शुक्रवार को ईरान पर किए गए इजरायल के हमले का कारण बने तनावपूर्ण हालात इसकी वजह हैं। इजरायल के साथ युद्ध बढ़ने की आशंकाओं के मद्देनजर ईरान ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। इस वजह से फ्लाइट संख्या एआई-सी 129 को वापस बुलाना पड़ा।एयर इंडिया ने कहा है कि, ‘यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए एयर इंडिया के कई विमानों को या तो डायवर्ट किया जा रहा है या फिर उन्हें उनके मूल स्थान पर वापस भेजा जा रहा है।
किन विमानों पर पड़ा प्रभाव?
AI130: लंदन से मुंबई आ रहा था, इसे वियना भेजा गया
AI102: न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रहा है, शारजाह भेजा गया।
AI116: न्यूयॉर्क से मुंबई आ रहा था, जेद्दाह भेजा गया।
AI2018: लंदन से दिल्ली आ रहा विमान मुंबई भेजा गया।
AI129: मुंबई से लंदन जा रहा विमान वापस बुलाया गया।
AI119: मुंबई से न्यूयॉर्क जा रहे विमान को भी मुंबई वापस बुलाया गया।
AI103: दिल्ली से वाशिंगटन जा रहे विमान को वापस दिल्ली बुलाया गया।
AI188: वैंकूवर से दिल्ली आ रहे विमान को जेद्दाह भेजा गया है।
AI101: दिल्ली से न्यूयॉर्क जा रहे विमान को फ्रैंकफर्ट/मिलान भेजा गया।
AI126: शिकागो से दिल्ली आ रहे विमान को जेद्दाह भेजा गया है।
AI132: लंदन से बेंगलुरु आते हुए इसे शारजाह भेजा गया है।
AI2016: लंदन से दिल्ली आ रहे विमान को विएना भेजा गया है।
AI104: वाशिंगटन से दिल्ली आ रहा था। विएना भेजा गया।
AI190: टोरंटो से दिल्ली आ रहा था, फ्रैंकफर्ट भेजा गया है।
AI189: दिल्ली से टोरंटो जा रहा विमान वापस दिल्ली बुलाया गया।
एयर इंडिया के विमान की थाईलैंड में आपातकालीन लैंडिंग
इसी बीच थाईलैंड के फुकेट में एयर इंडिया के प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। यह फ्लाइट फुकेट से नई दिल्ली आ रही थी, लेकिन शुक्रवार को बम की धमकी के बाद इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। एक रिपोर्ट के मुताबिक एयर इंडिया की फ्लाइट AI 379 फुकेट से नई दिल्ली के लिए रवाना हुई। इसमें 156 यात्री सवार थे, लेकिन फ्लाइट के टेक ऑफ के बाद बम की धमकी मिली। इसके बाद फ्लाइट अंडमान सागर के चारों ओर चक्कर लगाने के बाद लौट गई और इमरजेंसी लैंडिंग करवा दी गई। एओटी की तरफ से फिलहाल बम की धमकी की पुष्टि नहीं की गई है।
