
Maharashtra Top 10 News Updates: महाराष्ट्र में आज राजनीतिक और सामाजिक हलचल तेज रही। MPSC परीक्षा प्रणाली में सुधार और अध्यक्ष के इस्तीफे की मांग को लेकर पुणे में जारी छात्र आंदोलन के समर्थन में मनोज जरांगे पाटिल ने सरकार को 'महाराष्ट्र बंद' की सीधी चेतावनी दी है।
वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्पष्ट किया कि संवैधानिक पदों पर फैसला राज्य सरकार के क्षेत्राधिकार से बाहर है। इसके अलावा, राज्य कैबिनेट की बैठक में पुलिस बलों के सम्मान और छात्रों-कर्मचारियों के भत्तों में वृद्धि जैसे कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। इसके साथ ही संजय राउत की तबीयत बिगड़ने और सूखे के संकट जैसी अन्य प्रमुख खबरों के लिए पढ़ें आज के 10 बड़े अपडेट्स।
MPSC के अध्यक्ष विवेक भीमनवार के इस्तीफे और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग को लेकर पुणे में छात्रों का एक बड़ा आंदोलन चल रहा है। इस बीच मनोज जरांगे पाटिल ने कहा, बच्चों, अगर इन लोगों ने आपकी बात नहीं सुनी तो यहां बैठे सभी नेताओं से भी कहता हूं और आपसे भी कहता हूं, आपके लिए पूरा महाराष्ट्र बंद कर देंगे।
वाशिम के वाकद गांव में शराब के नशे में मां से मारपीट कर रहे पिता की कथित हत्या के बाद शव कुएं में फेंकने का मामला सामने आया है। बदनापुर पुलिस ने दो भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
विदेश की नागरिकता हासिल करने के बाद भारतीय पासपोर्ट सरेंडर करने वालों की संख्या पुणे में लगातार बनी हुई है। जनवरी से अगस्त 2026 के बीच 160 लोगों ने पुणे पासपोर्ट कार्यालय में अपने भारतीय पासपोर्ट सरेंडर किए। पासपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, कार्यालय में हर महीने औसतन 25 से 30 ऐसे मामले सामने आते हैं।
महाराष्ट्र में कॉकोज जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा थमाए गए एक नोटिस ने राज्य की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में नया विवाद खड़ा कर दिया है। इस पुलिसिया नोटिस के सामने आने के बाद CJP के संस्थापक और अध्यक्ष अभिजीत दिपके ने प्रेस कॉन्फरंस में गहरा दुख जताते हुए पुलिस प्रशासन और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखे प्रहार किए हैं।
महाराष्ट्र में इस साल कम बारिश के कारण सूखे जैसे हालात बेहद गंभीर होते जा रहे हैं। किसानों को राहत पहुंचाने और नुकसान का सही आकलन करने के लिए राज्य सरकार ने एक्शन प्लान तैयार किया है। ट्रिगर-1 की लिस्ट में शामिल 265 तालुकों के अलावा 19 अन्य तालुकों में भी सूखे की गंभीरता का आकलन किया जाएगा।
इंडिया गठबंधन के सांसदों ने आज राजधानी दिल्ली में चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर विरोध प्रदर्शन करते हुए मार्च निकाला। इस दौरान कड़क धूप और भारी गहमागहमी के बीच शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे) के नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
MPSC के अध्यक्ष विवेक भीमनवार के इस्तीफे की मांग को लेकर पुणे में विद्यार्थियों का आंदोलन जारी है। इसी बीच विधायक रोहित पवार ने दावा किया है कि विवेक भीमनवार ने अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भेज दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस्तीफा भेजे जाने के बावजूद सरकार उस पर निर्णय नहीं ले रही है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पुणे में चल रहे MPSC छात्र आंदोलन और MPSC अध्यक्ष के इस्तीफे को लेकर बड़ा बयान दिया है। सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि पहले यह धारणा बनाई जा रही है कि संविधान से बनी सभी संस्थाएं काम की नहीं हैं और बाद में कहा जाएगा कि संविधान न्याय नहीं दे सकता। फडणवीस ने कहा कि देश की सभी लोकतांत्रिक संस्थाओं को खत्म करने की मांग चरम स्तर तक पहुंच रही है।
MPSC के अभ्यर्थियों के आंदोलन को लेकर पुणे की राजनीति में जबर्दस्त घमासान छिड़ गया है। रोहित पवार द्वारा MPSC अध्यक्ष डॉ. विवेक भिमनवार के इस्तीफे और परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर 'पुणे बंद' की चेतावनी दिए जाने के बाद, पुणे की मेयर मंजुषा नागपुरे ने आक्रामक रुख अपनाते हुए उन्हें सीधी चुनौती दे डाली है।
महाराष्ट्र मंत्रिमंडल की बैठक में राज्य के सामाजिक विकास, शिक्षा, कानून-व्यवस्था और रोजगार कल्याण को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण एवं दूरगामी फैसले लिए गए हैं। कैबिनेट के इन निर्णयों का सीधा लाभ राज्य के आम नागरिकों, पुलिस बल, छात्रों, छात्रावास कर्मचारियों और पारंपरिक उत्खनन व्यवसाय से जुड़े समाज को मिलेगा।