महाराष्ट्र: रायगढ़ को सतारा जिले से जोड़ने वाले घाट पर भूस्खलन, यातायात प्रभावित
- Written By: किर्तेश ढोबले
File Photo
अलीबाग: महाराष्ट्र के रायगढ़ और सतारा जिलों को जोड़ने वाले एक घाट पर भूस्खलन हुआ है, जिससे 10 घंटे से अधिक समय तक यातायात प्रभावित रहा, हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रायगढ़ के पोलादपुर को सतारा के महाबलेश्वर से जोड़ने वाले अंबेनाली घाट पर कालिका माता मंदिर के निकट मंगलवार रात लगभग साढ़े 11 बजे भूस्खलन हुआ।
रायगढ़ जिलाधिकारी कार्यालय ने बताया कि चूंकि रात के समय मलबा हटाना संभव नहीं था, इसलिए अधिकारियों ने सड़क को दोनों तरफ से यातायात के लिए बंद कर दिया। उसने बताया कि बुधवार सुबह, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने एक जेसीबी मशीन तैनात की, जिसने मार्ग से गिरी हुई चट्टानों और मिट्टी को हटा दिया। सुबह लगभग 10 बजे तक यातायात बहाल कर दिया गया।
कार्यालय ने कहा कि रायगढ़ के मनगांव तालुका के लखपाले गांव में भूस्खलन की एक और घटना हुई। हालांकि, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ क्योंकि यह बस्ती क्षेत्र से दूर हुआ था। राजस्व विभाग ने चार परिवारों के 20 लोगों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया। रायगढ़ जिले में बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे से पिछले 24 घंटे के दौरान औसत 51 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
सम्बंधित ख़बरें
मुंबई में 99 साल की लीज वाली जमीनों पर ऐतिहासिक फैसला, स्टांप ड्यूटी घटी, फ्री-होल्ड के लिए 60% सहमति ही काफी
रेलवे अलर्ट: लोनावला-कर्जत घाट में भूस्खलन, लंबी दूरी की ट्रेनें रद्द और डायवर्ट, यात्रा से पहले स्टेटस जांचें
रायगड: जल्द पूरा होगा दिघी जेटी प्रोजेक्ट! मंत्री नितेश राणे बोले- महाड में बनेगी मछली बाजार बिल्डिंग
अनाथ बच्ची को महिला ने मारी लात, सीढ़ी से नीचे गिरी मासूम, पनवेल के आंगनवाड़ी में बेहरमी का Video वायरल
पेन और माथेरान में 120 मिलीमीटर के साथ सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई। जिले में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। कार्यालय ने कहा है कि स्थिति के मद्देनजर नदी के किनारे और पहाड़ियों के आधार क्षेत्र पर स्थित गांवों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। अधिकारियों ने कहा कि रायगढ़ जिले में 82 स्थानों पर स्वचालित मौसम स्टेशन स्थापित किए गए हैं।
