ऑटो रिक्शा चालकों का हल्लाबोल, 8 अप्रैल को राज्यव्यापी मोर्चा, पंजीकरण शुल्क की सख्ती का करेंगे विरोध

Maharashtra Transport Department: महाराष्ट्र में ऑटो रिक्शा और टैक्सी चालक 8 अप्रैल को आरटीओ कार्यालयों पर राज्यव्यापी मोर्चा निकालकर पंजीकरण शुल्क और कथित अवैध वसूली के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे।
mira-bhayander-auto-license-scam-probe-report-by-may-1
Mira Bhayandar Auto License Scam (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Maharashtra Auto Rickshaw Drivers Protest: महाराष्ट्र के ऑटो रिक्शा और टैक्सी चालक अपनी मांगों को लेकर एक बार फिर सरकार के खिलाफ लामबंद हो गए हैं। 'ऑटोरिक्षा चालक-मालक संगठन संयुक्त कृति समिति' ने घोषणा की है कि आगामी 8 अप्रैल, 2026 को राज्य के सभी प्रादेशिक परिवहन कार्यालयों (आरटीओ) पर विशाल मोर्चे का आयोजन किया जाएगा।

यह आंदोलन मुख्य रूप से 'धर्मवीर आनंद दिघे साहेब महाराष्ट्र ऑटो रिक्शा और मिटर्ड टैक्सी चालक कल्याणकारी मंडल' के नाम पर की जा रही कथित अवैध वसूली के विरोध में है। कृति समिति के अध्यक्ष शशांक राव के अनुसार, रिक्शा चालकों के लिए एक स्वतंत्र कल्याणकारी मंडल की मांग पिछले 20 वर्षों से की जा रही थी।

अतिरिक्त वित्तीय बोझ

लेकिन सरकार ने इस मंडल की स्थापना करते समय किसी भी प्रमुख संगठन के प्रतिनिधियों से चर्चा नहीं की। शासन ने एकतरफा निर्णय लेते हुए मंडल में पंजीकरण के लिए 500 रुपए प्रवेश शुल्क और 300 रुपए वार्षिक शुल्क अनिवार्य कर दिया है। समिति का तर्क है कि पहले से ही महंगाई और आर्थिक तंगी से जूझ रहे रिक्शा चालकों पर यह अतिरिक्त वित्तीय बोझ डालना सरासर अन्याय है।

आरटीओ पर अवैध सख्ती का विरोध

आंदोलन का मुख्य कारण आरटीओ कार्यालयों द्वारा की जा रही जबरदस्ती है। आरोप है कि जो रिक्शा चालक इस मंडल में पंजीकरण नहीं करा रहे हैं, उनके परमिट नवीनीकरण और वाहन पासिंग जैसे अनिवार्य कार्यों को रोका जा रहा है। कृति समिति ने इसे पूरी तरह गैरकानूनी बताते हुए सवाल उठाया है कि यह मंड़ल चालकों के कल्याण के लिए बनाया गया है या परिवहन विभाग के फायदे के लिए।

न्याय न मिलने पर सड़क पर उतरेंगे चालक

इस मामले को लेकर 23 मार्च, 2026 को परिवहन मंत्री और आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर तुरंत कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन शासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसी के परिणामस्वरूप, बुधवार 8 अप्रैल को मुंबई के अंधेरी आरटीओ सहित पूरे महाराष्ट्र में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। मुंबई ऑटो रिक्शा टैक्सी मेंस यूनियन के नेतृत्व में सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले इस मोर्चे में हजारों की संख्या में चालक-मालकों के शामिल होने की संभावना है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com