

जलगांव: भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर लागू किया गया है। सीजफायर के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ युद्धविराम की घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तीनों भारतीय सेनाओं ने आपस में निर्णय लिया है और पाकिस्तान पर हमले में फिलहाल रोक लगाई है। इस फैसले का विपक्ष ने कड़ा विरोध जताया है। इस पर महाराष्ट्र मंत्री गिरीश महाजन की प्रतिक्रिया सामने आयी है।
मंत्री गिरीश महाजन ने जलगांव में तिरंगा रैली के दौरान ने कहा, "पाकिस्तान के पास खाने के लिए भोजन भी नहीं है और उसके सैनिकों के पास पहनने के लिए कपड़े भी नहीं हैं, जूते भी नहीं है। पाकिस्तान की हालत बहुत खस्ता है। पाकिस्तान बहुत ही गरीब स्थिति में है और भारत द्वारा हमला किए जाने के बाद उनकी हालत इतनी खराब हो गई कि उनके पास कुछ भी नहीं बचा, यहां तक कि जवाबी कार्रवाई करने का साधन भी नहीं बचा।"
जलगांव में भारतीय सेना के सम्मान में 100 फीट लंबे तिरंगा रैली के साथ शहर में तिरंगा रैली निकाली गई। इस दौरान युद्धविराम पर गिरीश महाजन ने अपनी प्रतिक्रिया दी।
मंत्री गिरिश महाजन ने कहा, "उन्होंने जो भी छोटे-मोटे प्रयास किए, वे विफल हो गए और पाकिस्तान दुनिया भर में जाकर गिड़गिड़ाया, माफी मांगी और सभी से भारत को रोकने, मोदी जी को रोको, भारतीय सेना को रोकने की भीख मांगी इसलिए पीएम मोदी और तीनों भारतीय सेनाओं ने निर्णय लिया है युद्ध को स्थगित किया है, बंद नहीं किया है। इसके बावजूद अगर कोई आतंकवादी हमला करेंगे या कोई गलती करेंगे तो पाकिस्तान का नाम दुनिया के नक्शे से हटा देंगे। ये निर्णय जो लिया है वो सही है।"
सेना का मनोबल बढ़ाने के लिए भाजपा की ओर से जलगांव में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। पूरे शहर में 100 फीट ऊंचा तिरंगा लेकर जुलूस निकाला गया। भाजपा मंत्री गिरीश महाजन, सांसद स्मिता वाघ और विधायक सुरेश भोले भी हाथों में तिरंगा लेकर तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।