जलगांव में सनसनी: महज 500 के लिए युवक की सरेआम हत्या, 4 दिन पहले ही गोवा से घर लौटा था नितिन

Jalgaon 500 Rupees Dispute: महाराष्ट्र के जलगांव में 500 के विवाद में नितिन काले की हत्या। 4 दिन पहले गोवा से लौटे युवक पर शाम सूर्यवंशी ने किया हमला। पुलिस जांच जारी।
Jalgaon 500 Rupees Dispute
Jalgaon 500 Rupees Dispute प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स AI)
Published on
Updated on

Jalgaon Murder Nitin Kale: महाराष्ट्र के जलगांव से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ महज 500 रुपये के मामूली विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया। गोवा से छुट्टियां बिताने घर लौटे एक युवक की सरेराह धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। इस घटना ने जलगांव शहर में कानून-व्यवस्था और बढ़ते अपराधों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रविवार दोपहर करीब 3 बजे जैनाबाद इलाके में यह खूनी खेल खेला गया। 35 वर्षीय नितिन काले जब रास्ते से गुजर रहे थे, तभी आरोपी शाम तुकाराम सूर्यवंशी ने उन्हें रोककर पैसों की मांग की। नितिन के इनकार करते ही आरोपी हैवान बन गया और उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

500 रुपये के लिए हैवानियत: इलाज के दौरान तोड़ा दम

नितिन काले पर हुए हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। उन्हें तुरंत गंभीर हालत में सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन घाव इतने गहरे थे और खून इतना बह चुका था कि सोमवार (23 मार्च) सुबह करीब 6 बजे नितिन की सांसें थम गईं। मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया। नितिन अपने पीछे वृद्ध माता-पिता, पत्नी और एक मासूम बेटे को छोड़ गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

चार दिन पहले ही गोवा से लौटा था नितिन, घर में छाया मातम

नितिन काले परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए गोवा में एक कटलरी की दुकान पर काम करते थे। वह लंबे समय बाद महज 4 दिन पहले ही अपने परिवार से मिलने जलगांव लौटे थे। परिजनों को अंदाजा भी नहीं था कि जिस बेटे के स्वागत की वे खुशियाँ मना रहे थे, उसकी अर्थी इतनी जल्दी उठ जाएगी। इस घटना ने न केवल जैनाबाद बल्कि पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय नागरिकों में इस बात को लेकर भारी रोष है कि कैसे मामूली रकम के लिए किसी की जान ली जा सकती है।

पुलिस की कार्रवाई: फरार आरोपी की तलाश तेज

वारदात के बाद आरोपी शाम सूर्यवंशी मौके से फरार होने में कामयाब रहा। शनिपेठ पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसे जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। जलगांव के निवासियों ने मांग की है कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com