कचरा ढोने वाली गाड़ी से ले जाया गया शव, जलगांव के अमलनेर की शर्मनाक घटना; देखें झकझोर देने वाला वायरल VIDEO
Jalgaon Shocking Viral Video: जलगांव के अमलनेर में एक लावारिस शव को एम्बुलेंस के बजाय कचरा ढोने वाली घंटागाड़ी में ले जाने का हैरान करने वाला वीडियो वायरल। नगर परिषद ने ठेकेदार को थमाया नोटिस।
- Written By: गोरक्ष पोफली
कचरे की गाड़ी में शव डालते हुए (सोर्स: सोशल मीडिया)
Dead Body Carried In Garbage Van: महाराष्ट्र के जलगांव जिले के अमलनेर से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है जिसने मानवता को पूरी तरह शर्मसार कर दिया है। यहाँ नगर परिषद के प्रशासन और ठेकेदार की संवेदनहीनता का एक ऐसा नमूना देखने को मिला, जहां एक लावारिस शव को सम्मानपूर्वक ले जाने के बजाय कचरा ढोने वाली ‘घंटागाड़ी’ में लादकर ले जाया गया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे देखकर स्थानीय नागरिकों में भारी रोष व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना अमलनेर नगर परिषद क्षेत्र की है। 23 जून को अमलनेर के कब्रस्तान रोड इलाके में एक अज्ञात पुरुष का शव मिला था। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुँचकर आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने 25 जून तक मृतक की शिनाख्त करने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन जब पहचान नहीं हो पाई, तो कानूनी प्रक्रियाओं के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए अमलनेर नगर परिषद के सुपुर्द कर दिया गया।
नियमों की धज्जियां और मानवता का अपमान
नियमों के मुताबिक, लावारिस शवों के सम्मानजनक निपटान के लिए संबंधित ठेकेदार को एक स्वतंत्र और उचित वाहन की व्यवस्था करना अनिवार्य होता है। लेकिन यहां मानवता को ताक पर रखते हुए, ठेकेदार ने शव को ले जाने के लिए उसी गाड़ी का इस्तेमाल किया जिसका उपयोग शहर का कचरा उठाने के लिए किया जाता है। शव को कचरा गाड़ी में ले जाने के इस अपमानजनक कृत्य ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सम्बंधित ख़बरें
प्रसव पीड़ा में तड़पती रही महिला, भाई ने तोड़ा अस्पताल का गेट; 20KM बाइक से तय किया सफर, देखें VIDEO
राम मंदिर दान चोरी पर भड़के हुसैन दलवाई, चंपत राय पर साधा निशाना; UCC पर दिया बड़ा बयान, देखें VIDEO
13 हजार की जगह मिले सिर्फ 3800 रुपये! सैलरी को लेकर ऑफिस में हुआ हंगामा, वायरल वीडियो पर छिड़ी बहस
छत्रपति संभाजीनगर में TET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच की मांग, AIMIM का जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन
माणुसकीला काळीमा फासणारी वेदनादायी घटना… जळगाव मधील अमळनेर नगर परिषद मध्ये बेवारस मृतदेह कचरा गाडीतून नेला! प्रशासनाकडून सांगण्यात येतंय की सुविधा अभावी मृतदेह कचरा गाडीतून नेण्यात आला. pic.twitter.com/cT4Ocoo60I — राष्ट्रभाषा | National Language (@Rashtrabhasha_) June 29, 2026
प्रशासन की सफाई और कार्रवाई का आश्वासन
इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद जब प्रशासन से सवाल पूछे गए, तो शुरुआत में इसे ‘सुविधाओं के अभाव’ का बहाना बनाकर टालने की कोशिश की गई। हालांकि, विवाद बढ़ने पर अमलनेर नगर परिषद के मुख्याधिकारी गणेश शिंदे ने इस पर स्पष्टीकरण दिया। उन्होंने बताया कि कचरा संकलन करने वाले ठेकेदार के लिए यह अनिवार्य है कि वह बेवारस शवों के लिए अलग वाहन उपलब्ध कराए, लेकिन ठेकेदार ने यहां बड़ी चूक की है। शिंदे ने आश्वासन दिया है कि इस मामले में ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है और मामले की जांच के बाद उस पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: अब दोबारा होगी परीक्षा, नहीं देनी होगी फीस; शिक्षा मंत्री दादा भुसे ने किया पारदर्शी एग्जाम का वादा
एक बड़ा सवाल: कहां गई गरिमा?
यह घटना केवल एक प्रशासनिक लापरवाही नहीं है, बल्कि समाज के माथे पर एक काला धब्बा है। एक ओर जहां विकास के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर एक इंसान को मृत्यु के बाद चार कंधे या एक एम्बुलेंस तक नसीब नहीं हुई। यह वायरल वीडियो चीख-चीख कर व्यवस्था की संवेदनहीनता की कहानी बयां कर रहा है। अब देखना यह होगा कि क्या दोषी ठेकेदार और लापरवाह अधिकारियों पर वाकई कोई सख्त कार्रवाई होती है या मामला केवल कागजी नोटिस तक ही सीमित रह जाता है।
