

Namo Udyan Yojana Gondia: कभी उपेक्षा का शिकार रहा शहर का पवन तालाब आज गोरेगांव की नई पहचान बनता दिखाई दे रहा है। नमो उद्यान योजना के तहत मिली करीब एक करोड़ रु. की निधि और जनप्रतिनिधियों के निरंतर प्रयासों से हुए व्यापक सौंदर्याकरण ने पवन तालाब की पूरी तस्वीर बदल दी है।
आकर्षक प्रवेश द्वार से लेकर पेवर ब्लॉक, स्टील रेलिंग, आधुनिक बैठक व्यवस्था, ग्रीन जिम, बच्चों के लिए झूले, विभिन्न स्टैच्यू और हरियाली ने इस परिसर को नागरिकों के लिए एक आकर्षक स्थल बना दिया है। सुबह की सैर से लेकर शाम की चहल-पहल तक पवन तालाब में अब नागरिकों की भीड़ नजर आती है।
परिवारों के साथ आने वाले लोगों के लिए बैठने की पर्याप्त व्यवस्था होने से यह स्थान अब केवल घूमने-फिरने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सामाजिक और नागरिक गतिविधियों का भी केंद्र बनने लगा है। पवन तालाब परिसर में स्थापित मिसाइल और पृथ्वी के स्टैच्यू विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
बच्चों और युवाओं के लिए जहां विभिन्न प्रकार के झूले व ग्रीन जिम उपलब्ध कराए गए हैं, वहीं पेड़-पौधों और हरियाली ने परिसर के वातावरण को और सुंदर बना दिया है। सौंदर्याकरण के बाद नागरिकों में भी इस स्थल को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है। शहर के वरिष्ठ नागरिकों ने भी पवन तलाब के बदले स्वरूप की सराहना की है। नगर पंचायत ने पवन तलाब के सौंदर्याकरण को बनाए रखने के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर भी ध्यान दिया है।
परिसर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। नगर पंचायत के सफाई कर्मचारियों द्वारा नियमित रूप से परिसर की साफ-सफाई के साथ-साथ पेड़-पौधों की देखभाल पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विधायक विजय रहांगडाले, नगर अध्यक्ष तेजराम बिसने, उपाध्यक्ष मलेश्याम येरोला, भाजपा गट नेता आशीष बारेवार तथा कांग्रेस नेता जगदीश येरोला समय-समय पर तालाब का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे हैं।
नमो उद्यान योजना के तहत हुए विकास कार्यों ने पवन तालाब को नया स्वरूप देने के साथ ही गोरेगांव शहर को एक ऐसा सार्वजनिक स्थल दिया है, जहां नागरिक सुकून के पल बिता सकते हैं। बेहतर बैठक व्यवस्था, हरियाली, बच्चों के लिए मनोरंजन की सुविधाएं, ग्रीन जिम और सुरक्षा व्यवस्था के कारण यह तालाब अब गोरेगांव के प्रमुख आकर्षण केंद्रों में शामिल होता जा रहा है। विकास, सौंदर्याकरण और बेहतर राजनीतिक समन्वय का यह मॉडल आने वाले दिनों में गोरेगांव के अन्य विकास कार्यों के लिए भी नई दिशा तय कर सकता है।
आशीष बारेवार ने कहा कि पवन तालाब के सौंदर्याकरण के पीछे गोरेगांव युवा शक्ति संगठन की वर्षों की मेहनत और लगातार प्रयास रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर महाराष्ट्र सरकार की नमो उद्यान योजना के तहत गोरेगांव नगर पंचायत को निधि उपलब्ध हुई, जिसके चलते तालाब के विकास को नई दिशा मिली।
उन्होंने कहा कि शहर के विकास के लिए आगे भी आवश्यक निधि उपलब्ध कराने की मांग की जा रही है।
आने वाले समय में गोरेगांव के विकास के लिए और भी महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे।
नगर उपाध्यक्ष मलेश्याम येरोला ने कहा कि शहर का विकास ही हमारा पहला लक्ष्य है।
विकास कार्यों को लेकर राजनीति को दूर रखते हुए सभी को साथ लेकर चलने का प्रयास किया गया है।
पवन तालाब का सौंदर्याकरण सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बेहतर समन्वय का एक उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि नपं में इसी तरह आपसी तालमेल बनाए रखते हुए शहर के विकास कार्यों को आगे भी गति दी जाएगी।