

Niphad Nagar Panchayat Stray Dog Protest: महाराष्ट्र के नासिक जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। निफाड शहर में आवारा कुत्तों की तेजी से बढ़ती संख्या और प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) के यूथ विंग युवा सेना ने मोर्चा खोल दिया। युवा सेना के जिलाध्यक्ष विक्रम रंधावे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने निफाड नगर पंचायत कार्यालय में पहुंचकर ऐसा प्रदर्शन किया, जिससे वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासनिक नाकामी को उजागर करने के लिए 4 से 5 आवारा कुत्तों को सीधे निफाड नगर पंचायत मुख्याधिकारी धीरज भामरे के केबिन के भीतर छोड़ दिया। इसका एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
इतना ही नहीं, विक्रम रंधावे ने प्रशासनिक कामकाज में हो रही देरी और कथित अनदेखी पर गुस्सा जाहिर करने के लिए नगर पंचायत सीईओ धीरज भामरे की मेज पर नोटों की माला भी रख दी। इस अचानक हुए और अनूठे प्रदर्शन से पूरा नगर पंचायत परिसर परिसर स्तब्ध रह गया।
युवा सेना के जिला प्रमुख विक्रम रंधावे ने कहा कि निफाड शहर और आस-पास के इलाकों में आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ गई है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि कई निवासियों को कुत्तों ने काटा है और बार-बार शिकायत करने और लिखित में बात रखने के बावजूद कोई असरदार उपाय नहीं किए गए हैं।
विक्रम रंधावे नगर पंचायत सीईओ से कहा कि बार-बार कुत्तों की समस्या से प्रशासन को अवगत कराने के बावजूद प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि अभी गणेशोत्सव चल रहा है। शहर भर में गणेश पंडाल लगे हुई है। ऐसे में बच्चे बप्पा के दर्शन के लिए सड़क पर घूमते है, लेकिन आवारा कुत्तों की वजह से हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। कुत्ते के काटने के मामले भी बढ़ रहे हैं।
इस पर निफाड नगर पंचायत मुख्याधिकारी धीरज भामरे ने कहा कि कुत्तों से निजात दिलाने के लिए प्रशासन की ओर से प्रयास किए जा रहे है। निविदा जारी की गई है।