

Gondia Ayushman Bharat Scheme: गोंदिया जिले में आयुष्मान भारत योजना सामान्य और आर्थिक रूप से कमजोर नागरिकों के लिए स्वास्थ्य कवच बनी है। योजना के तहत जिले में 7 लाख 51 हजार 370 नागरिकों को मुफ्त और कैशलेस उपचार का लाभ मिल रहा है। पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रु. तक के द्वितीयक और तृतीयक स्तर के उपचार की सुविधा दी जाती है।
जिले के सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में लाभार्थियों को बिना कोई राशि खर्च किए कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाता है। योजना में कैंसर, हृदय रोग, बड़ी सर्जरी समेत 1,300 से अधिक उपचारों को शामिल किया गया है। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना तथा महात्मा ज्योतिराव फुले जन आरोग्य योजना के तहत जिले में 26 सूचीबद्ध अस्पताल हैं।
इनमें 12 सरकारी और 14 निजी अस्पताल शामिल हैं। इसके अलावा 45 नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा एक शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भी दोनों योजनाओं को एकीकृत कर नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। केंद्र सरकार के निर्णय के अनुसार 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को, आय की कोई सीमा रखे बिना, आयुष्मान वय वंदना कार्ड के माध्यम से अलग 5 लाख रु. का स्वास्थ्य कवच दिया जा रहा है। इसमें गंभीर बीमारियों और विभिन्न उपचारों का खर्च शामिल है।
जिले में योजना के लिए कुल 12 लाख 71 हजार 308 लाभार्थी दर्ज हैं। इनमें से 7 लाख 51 हजार 370 नागरिकों ने आयुष्मान कार्ड बनवाया है। यानी शेष 4 लाख 19 हजार 938 पात्र नागरिकों को अभी कार्ड बनवाना बाकी है। स्वास्थ्य विभाग ने पात्र नागरिकों से जल्द कार्ड बनवाने की अपील की है।
लाभार्थी श्याम राऊत ने कहा कि मुझे गंभीर बीमारी हुई थी। इस योजना के माध्यम से मेरा मुफ्त उपचार हुआ। गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए यह योजना बेहद लाभदायक है। इसलिए सभी पात्र नागरिकों को इसका कार्ड बनवाना चाहिए।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अभिजित गोल्हार ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना जिले के नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य कवच है। जिन नागरिकों ने अभी तक कार्ड नहीं बनवाया है, वे आंगनवाड़ी सेविका अथवा आशा कार्यकर्ता के माध्यम से कार्ड बनवा लें। 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए वय वंदना की सुविधा भी शुरू की गई है।