

Koknai Mata Temple Arjuni Morgaon Development: गोंदिया जिले के अर्जुनी मोरगांव तहसील के कवठा स्थित प्रसिद्ध कोकणाई माता देवस्थान को शासन की तीर्थक्षेत्र सूची में 'क' श्रेणी का दर्जा देकर इसका सर्वांगीण विकास करने की मांग ग्रामवासियों ने की है। इस संबंध में पूर्व सामाजिक न्याय मंत्री व वर्तमान विधायक राजकुमार बडोले को ज्ञापन सौंपा गया। कोकणाई माता देवस्थान केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि प्रसिद्ध नवेगांवबांध पर्यटन स्थल के नजदीक स्थित प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर क्षेत्र भी है।
मंदिर परिसर चारों ओर पहाड़ियों से घिरा हुआ है। बारिश के मौसम में यहां धुंध, हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य पर्यटकों को आकर्षित करता है। पहाड़ी क्षेत्र, हरियाली, धुंध से घिरा वातावरण तथा नवेगांवबांध की नजदीकी के कारण कोकणाई देवस्थान क्षेत्र युवाओं के लिए ट्रेकिंग और प्रकृति भ्रमण का आकर्षण बनता जा रहा है।
यदि इस क्षेत्र का नियोजनबद्ध विकास किया जाता है तो धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ साहसिक व प्राकृतिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है। कोकणाई माता देवस्थान क्षेत्र के आस्था का केंद्र है। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। लेकिन, वर्तमान में आवश्यक बुनियादी सुविधाओं के अभाव में श्रद्धालुओं व पर्यटकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसलिए देवस्थान को 'क' श्रेणी का तीर्थक्षेत्र दर्जा देकर शासन की ओर से आवश्यक निधि उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
ज्ञापन में देवस्थान तक सीमेंट-कांक्रीट सड़क व पक्की पगडंडी, पेयजल, शौचालय, बिजली, पार्किंग, श्रद्धालुओं व पर्यटकों के लिए निवास व्यवस्था, भोजनालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई है। साथ ही प्राकृतिक सौंदर्य को संरक्षित रखते हुए क्षेत्र का टिकाऊ पर्यटन विकास करने की अपेक्षा व्यक्त की गई। ग्रामवासियों के अनुसार, क्षेत्र के विकास से स्थानीय युवाओं के लिए पर्यटन क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर उत्पन्न हो सकते हैं।
कवठा ग्राम पंचायत की उपसरपंच सरिता लंजे के नेतृत्व में ग्रामीणों ने विधायक राजकुमार बडोले से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर पंस सदस्य होमराज पुस्तोडे, पूर्व जिप सदस्य किशोर तरोणे सहित कवठा के ग्रामीण उपस्थित थे। ज्ञापन स्वीकार करते हुए विधायक बडोले ने मांग को सकारात्मक रूप से लेते हुए कोकणाई माता देवस्थान को तीर्थक्षेत्र की सूची में 'क' श्रेणी का दर्जा दिलाने के लिए शासन स्तर पर आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन दिया।