Gondia Wild Elephant Attack News: अर्जुनी मोरगांव तहसील के वडेगांव बंध्या परिसर में जंगली हाथियों के झुंड ने किसानों की मक्का फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। इस घटना से क्षेत्र के किसान आर्थिक संकट में घिर गए हैं और तत्काल सरकारी मदद की मांग कर रहे हैं।
सांसद डॉ. प्रशांत पडोले ने नुकसानग्रस्त खेतों का दौरा कर किसानों से चर्चा की। उन्होंने बताया कि कई किसानों की खड़ी फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है, जिससे उनकी आजीविका पर गंभीर असर पड़ा है। सांसद ने राज्य सरकार से मांग की कि प्रभावित किसानों को कम से कम 2.5 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर मुआवजा दिया जाए।
उन्होंने वन विभाग और प्रशासन से हाथियों की आवाजाही रोकने के लिए ठोस और स्थायी उपाय करने की भी मांग की। वहीं, स्थानीय किसानों ने शीघ्र पंचनामा कर उचित मुआवजा देने की मांग उठाई है।
इस दौरान जिप सदस्य श्रीकांत घाटबांधे, घनश्याम धामट, पंस सदस्य फूलचंद बाघडेरिया पंडित, सरपंच घनशाम शहारे, प्रितम रामटेके सहित वन विभाग, पुलिस अधिकारी और ग्रामवासी उपस्थित रहे। क्षेत्र में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है।