गोंदिया बोर्ड परीक्षा (फाइल फोटो)
Gondia 10th Board Exam: गोंदिया जिले में कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा नकलमुक्त, भयमुक्त वातावरण में आयोजित करना आवश्यक है। इसे ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग ने नकल मुक्त अभियान को क्रियान्वित करने के लिए सभी विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों सहित परीक्षा बोर्ड का सहयोग लेने का निर्णय लिया है।
बोर्ड ने निर्देश जारी किए हैं कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र जो संवेदनशील या व्यवधानकारी माना जाता है, उन पर कड़ी नजर रखी जाएगी। कक्षा 10वीं की परीक्षा 20 फरवरी से शुरू होने जा रही है और इसके लिए 98 परीक्षा केंद्र तथा 920 कक्ष तैयार किए जा चुके है। शुक्रवार 20 फरवरी से शुरु होने वाली इस परीक्षा में कुल 98 केंद्रों से 19,484 विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं 20 फरवरी से 18 मार्च तक आयोजित की जा रही है। इस परीक्षा के दौरान सभी प्रकार की नकल पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाने के लिए नकल मुक्त अभियान चलाया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्र के बाहर वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जाएगी।
सभी विभागों के सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों के सहयोग से नकल रहित परीक्षाएं सुनिश्चित करने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर उड़नदस्ते व बैठक दस्ते गठित किए गए हैं। जिले में नकलमुक्त परीक्षा कराने के लिए शिक्षा विभाग तैयार है। कक्षा 10वीं की परीक्षा में 98 केंद्रों पर 19,484 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। शिक्षा विभाग ने भी विद्यार्थियों से तनाव मुक्त माहौल में परीक्षा देने की अपील की है।
परीक्षाएं ठीक से हों और परीक्षा केंद्रों पर कोई गड़बड़ी न हो, इसके लिए जिले में दक्षता समिति गठित की गई है। इस समिति में पुलिस अधीक्षक, जिप सीईओ, शिक्षाधिकारी शामिल हैं। साथ ही, एक श्रेणी -1 और श्रेणी -2 की टीम बनाई गई है जिसमें एक महिला अधिकारी व कर्मचारी शामिल है। यह टीम परीक्षा केंद्रों का दौरा करेगी।
यह भी पढ़ें – Samruddhi Expressway: जून से शुरू होगा भंडारा-गड़चिरोली महामार्ग का काम; ‘स्टील सिटी’ को मिलेगी नई रफ्तार!
परीक्षा केंद्र पर जाने के बारे में मार्गदर्शक सूचना व तय प्रपत्र भी संबंधित लोगों को भेज दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों के परिसर में फैक्स और एसटीडी बूथ के काम करने पर रोक लगा दी गई है। साथ ही, इमारत के परिसर में मोबाइल सेट, लैपटॉप और पेजर के इस्तेमाल पर भी प्रतिबंध लगा दी गई है।
प्रशासन शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा कराने और विद्यार्थियों को तनाव मुक्त माहौल देने के लिए तैयार हैं। परीक्षा के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा गलत व्यवहार की संभावना को देखते हुए, परीक्षा केंद्रों पर हथियारबंद पुलिस तैनात की गई है। साथ ही परीक्षा केंद्रों के परिसर में मुंबई पुलिस एक्ट की धारा 37 और 144 लागू की गई है। परीक्षा केंद्र के 500 मीटर के अंदर फैक्स, जेरॉक्स बूथ, पेजर, मोबाइल, लैपटॉप और इंटरनेट की सुविधा इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं है।