Gondia News: गोंदिया जिले के सालेकसा तहसील में छत्रपति शिवाजी महाराज राजस्व समाधान शिविर अभियान के तहत गांववार शिविर आयोजित होंगे, जहां नागरिकों को विभिन्न प्रमाण पत्र और सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा। शिविरों में नागरिकों की लंबित राजस्व संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। तहसील प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस विशेष अभियान में नागरिकों को राजस्व विभाग सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर प्रदान किया जाएगा।
लंबे समय से लंबित फेरफार म्यूटेशन प्रकरणों का तात्कालिक निपटारा किया जाएगा। सेतु सेवा केंद्र के माध्यम से मिलने वाली सेवाएं भी शिविर में उपलब्ध रहेंगी। शिविरों के दौरान नागरिकों को आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र तथा नॉनक्रीमीलेयर प्रमाण पत्र का वितरण किया जाएगा।
इसके साथ ही, अन्न व नागरी आपूर्ति विभाग, निर्वाचन विभाग की मतदाता सूची से संबंधित सेवाएं, कृषि विभाग, पंचायत समिति, भूमि अभिलेख विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी और लाभ भी नागरिकों को उपलब्ध कराए जाएंगे।
गांववार शिविर का कार्यक्रम 14 मार्च को साकरीटोला, 10 अप्रैल को कावराबांध, 17 अप्रैल को सालेकसा, 8 मई को आमगांव खुर्द, और 15 मई को सालेकसा में आयोजित किया जाएगा। तहसीलदार नरसय्या कोंडागुर्ले व राजस्व विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दस्तावेज साथ लाएं। यह अभियान प्रशासन और नागरिकों के बीच की दूरी को कम करने तथा सरकारी सेवाओं को सीधे गांव तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।