गोंदिया स्कूल में बच्चे को पीटा (सौजन्य-नवभारत)
ZP School Gortha News: आमगांव में स्कूल के मैदान में खेल रहे पांचवीं कक्षा के विद्यार्थी को शिक्षिका ने बिना किसी वजह के कक्षा में ले जाकर बुरी तरह पीटा और घायल कर दिया। यह घटना 10 फरवरी को दोपहर के करीब आमगांव तहसील के गोरठा में आदर्श जिला परिषद प्राथमिक स्कूल में घटित हुई। इस बारे में विद्यार्थी की मां की शिकायत पर 11 फरवरी को आमगांव पुलिस ने उक्त शिक्षिका के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पिटाई में घायल हुए विद्यार्थी का नाम गोरठा निवासी धैर्य मनोज मिश्रा (12) बताया गया है। धैर्य की मां की शिकायत के अनुसार, धैर्य अपने दोस्त के साथ स्कूल मैदान में खेल रहा था, तभी उसने अपने कक्षा के विद्यार्थी से ‘लॉलीपॉप’ मांगा। इसी समय वहां से गुजर रही शिक्षिका ने यह सुनकर धैर्य को कक्षा 6वीं में ले जाकर बिना किसी वजह के मुक्कों और डंडे से बुरी तरह पीटा।
धैर्य के शरीर पर चोट के निशान थे और वह घायल हो गया। घटना के बाद उसके कक्षा के विद्यार्थियों ने धैर्य को घर ले गए। इसी बीच, धैर्य की मां रानी मनोज मिश्रा (32) शाम को खेत से घर आईं और उसके छोटे भाई इयान मिश्रा ने उसे स्कूल में हुई घटना के बारे में बताया।
यह भी पढ़ें – भंडारा-गोंदिया नवजात तस्करी मामले में फंसा डॉक्टर, गिरफ्तारी से बचने के लिए हाई कोर्ट तक लगाई गुहार!
जब उसकी मां ने देखा तो उन्हें धैर्य की पीठ पर चोट के निशान मिले। इस पर वह बुधवार दोपहर आमगांव थाने में पहुंची और शिक्षिका के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर आमगांव पुलिस ने शिक्षिका के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच हवलदार राजू गजापुरे कर रहे हैं।
जिला परिषद गोंदिया प्राथमिक शिक्षणाधिकारी विशाल डोंगरे ने कहा, “शिक्षिका द्वारा विद्यार्थी की पीटाई किए जाने की शिकायत मिली है, इसमें वह दोषी पायी जाती है तो नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।”