Gadchiroli News: मानापुर-अंगारा मार्ग बना जानलेवा, संकरी सड़क से बढ़ा हादसों का खतरा

Manapur Angara Road Safety Demand: आरमोरी तहसील की संकरी सड़क हादसों का कारण बन रही है। बढ़ते यातायात के कारण नागरिकों ने सड़क का शीघ्र चौड़ीकरण कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की मांग का है।
manapur angara road dangerous narrow road accident risk in gadchiroli
सड़क की चौड़ाई कम (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Manapur Angara Road Widening Demand In Gadchiroli: गड़चिरोली जिले की आरमोरी तहसील के मानापुर-अंगारा मार्ग पर इन दिनों वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। क्षेत्र के प्रमुख संपर्क मार्गों में शामिल यह सड़क अत्यधिक संकरी होने के कारण वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क को चौड़ा नहीं किया गया तो यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल इस समस्या पर ध्यान देने की मांग की है।

दो बड़े वाहनों का एक साथ निकलना मुश्किल

आरमोरी और कुरखेड़ा तहसील को जोड़ने वाले इस मार्ग पर दिनभर वाहनों की आवाजाही रहती है। सड़क संकरी होने के कारण आमने-सामने आने वाले दो बड़े वाहनों को एक-दूसरे को रास्ता देने में काफी कठिनाई होती है। इस मार्ग से एसटी बसें, भारी वाहन, चारपहिया और दोपहिया वाहन लगातार गुजरते हैं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। सड़क के किनारों पर पर्याप्त जगह नहीं होने से ओवरटेक करना भी जोखिम भरा साबित हो रहा है। पूर्व में इस मार्ग पर कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिसके चलते नागरिक लंबे समय से सड़क चौड़ीकरण की मांग कर रहे हैं।

स्कूली विद्यार्थियों और किसानों की बढ़ी चिंता

इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों स्कूली विद्यार्थी, किसान, व्यापारी और आसपास के गांवों के लोग आवागमन करते हैं। सुबह और शाम स्कूल-कॉलेज के समय तथा कृषि उपज के परिवहन के दौरान यातायात का दबाव काफी बढ़ जाता है। सड़क संकरी होने और कई मोड़ों पर झाड़ियां उगी होने से सामने से आने वाले वाहन समय पर दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है।

यातायात बढ़ा, लेकिन सड़क नहीं हुई चौड़ी

आरमोरी क्षेत्र की आबादी और वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन वर्षों से सड़क की चौड़ाई में कोई विस्तार नहीं किया गया है। इससे स्थानीय नागरिकों में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क का चौड़ीकरण कर सुरक्षित यातायात के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com