

Kurkheda Upper Tehsil Office: कुरखेडा तहसील में प्रस्तावित अप्पर तहसील कार्यालय मालेवाड़ा के बजाय रामगढ़ में स्थापित करें, ऐसी मांग युवा संघर्ष संगठन समेत ग्रामीणों ने उपविभागीय अधिकारी को सौंपे ज्ञापन में की है।ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहां कि, प्रस्तावित कार्यक्षेत्र के 74 गांवों के लिए रामगड भौगोलिक रूप से मध्यवर्ती स्थान पर स्थित है। यहां कार्यालय स्थापित होने से नागरिकों का समय और यात्रा खर्च दोनों में कमी आएगी।
वहीं यदि कार्यालय मालेवाड़ा में बनाया जाता है तो पुराडा मंडल के कई गांवों के लोगों को अधिक दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानी होगी। रामगढ़ में साप्ताहिक बाजार, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), जीडीसीसी बैंक सहित बेहतर यातायात और संचार सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा यहां सरकारी भवन की स्वीकृति पहले से है अथवा नया प्रस्ताव प्रस्तुत कर भवन का निर्माण कर प्रशासनिक कार्य शीघ्र शुरू किया जा सकता है।
राजस्व विभाग की सेवाएं लोगों तक तेज़ और प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए रामगढ़ सबसे उपयुक्त स्थान है। जिससे जनसंख्या, प्रशासनिक आवश्यकता, उपलब्ध सुविधाओं और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मालेवाड़ा के प्रस्ताव पर पुनर्विचार कर अप्पर तहसील कार्यालय रामगढ़ अथवा पुराडा में स्थापित करें, ऐसी मांग ग्रामीणों ने की है।
ज्ञापन सौंपते समय जिला ग्राहक संरक्षण परिषद के अशासकीय सदस्य सुरज मेश्राम, युवा संघर्ष संगठन के मुख्य संयोजक नितेश कन्नाके, मुख्य समन्वयक अतुल सिंद्राम, दादाजी उइके, देवेंद्र मांडवे, खेमचंद सयाम, नरेश हलामी, मोहित उइके समेत संगठन के पदाधिकारी, विभिन्न गांवों के सरपंच समेत ग्रामीण उपस्थित थे।