Gadchiroli District: गड़चिरोली जिले में चिकित्सा क्षेत्र में एक नया इतिहास रचा गया है. जिले में पहली बार किडनी बायोप्सी जैसी महत्वपूर्ण और जटिल चिकित्सा प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई है. इस उल्लेखनीय उपलब्धि में डा. आशीष खुणे ने केंद्रीय भूमिका निभाते हुए पहल की.
दुर्गम और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिहाज से चुनौती पूर्ण माने जाने वाले गड़चिरोली जिले में अब तक किडनी से संबंधित गंभीर बीमारियों के सटीक निदान के लिए मरीजों को नागपुर जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था.
लेकिन अब यह अत्याधुनिक सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी. शहर के कुंभारे हॉस्पिटल में यह किडनी बायोप्सी की प्रक्रिया पूरी की गई.
इस पूरी प्रक्रिया के लिए आवश्यक योजना, मरीजों का सही चयन और तकनीकी क्रियान्वयन जैसे सभी पहलुओं पर डा. आशीष खुणे ने विशेष ध्यान दिया, जिससे यह प्रक्रिया सफल हो सकी.
इस पहल में नागपुर के नेफ्रोलॉजिस्ट डा. पीयूष पंचालवार का तकनीकी मार्गदर्शन तथा डा. अनंत कुंभारे का सहयोग भी प्राप्त हुआ. सभी के समन्वय और टीम वर्क से यह ऐतिहासिक उपलब्धि संभव हो पाई.
किडनी बायोप्सी किडनी रोगों के सटीक निदान के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया मानी जाती है. गड़चिरोली में इस सुविधा की शुरुआत को जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है.
डा. आशीष खुणे की पहल से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नया बल मिला है और भविष्य में और उन्नत चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने का रास्ता भी साफ हुआ है.