गुटखा-तंबाकू पर सख्ती का असर! कार्रवाई के डर से गड़चिरोली में बंद रहे पानठेले
Illegal Tobacco Trade अन्न व औषध प्रशासन की सख्ती और प्रतिबंधित गुटखा-तंबाकू के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी का असर गड़चिरोली में दिखने लगा है। डर के माहौल में कई पानठेला संचालकों ने अपनी दुकानें बंद रखी
- Written By: अनन्या तिवारी
प्रतीकात्मक फोटो (Source: Social media)
Gadchiroli Pan Shops Closed : महाराष्ट्र में प्रतिबंधित गुटखा और सुगंधित तंबाकू की बिक्री के खिलाफ प्रशासन की सख्ती का असर अब गड़चिरोली जिले में भी साफ दिखने लगा है। अन्न व औषध प्रशासन विभाग के नए आयुक्त तुकाराम मुंढे द्वारा राज्यभर में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बाद सोमवार को शहर के कई पानठेले बंद नजर आए। कार्रवाई की आशंका के चलते कई संचालकों ने अपनी दुकानें ही नहीं खोली।
तुकाराम मुंढे के आयुक्त पद संभालने के बाद विभाग ने खाद्य सुरक्षा और प्रतिबंधित उत्पादों की बिक्री को लेकर जांच और कार्रवाई का अभियान तेज कर दिया है। होटलों, दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच के साथ-साथ गुटखा और सुगंधित तंबाकू बेचने वालों के खिलाफ भी कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी का असर गड़चिरोली जिले में भी देखने को मिला।
खर्रा कारोबार पर बढ़ा दबाव
जिले में लंबे समय से बाहरी राज्यों से तस्करी कर लाए जाने वाले सुगंधित तंबाकू से बने ‘खर्रा’ की बड़े पैमाने पर बिक्री होती रही है। प्रतिबंध के बावजूद कई पानठेलों पर इसकी खुलेआम बिक्री जारी थी। हालांकि दी गई चेतावनी के बाद सोमवार को शहर समेत जिले के कई इलाकों में पानठेले बंद रहे, जिससे खर्रा और तंबाकू उत्पादों के नियमित सेवन करने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सम्बंधित ख़बरें
सोलापुर दुर्घटना: 9 सालों से चल रहा सडक निर्माण, कंपनी के अधिकारियों पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज
नागपुर के गोलीबार चौक पर मनपा का ‘बुल्डोजर एक्शन’; अतिक्रमणकारियों में मची भगदड़
साहब आने वाले हैं… IAS तुकाराम मुंढे का खौफ! सिर्फ आने की अफवाह से मिनटों में बंद हो गए बड़े बाजार
लॉन्च से पहले विवादों में घिरी ‘देवा भाऊ टैक्सी योजना’; मुंबई बैंक के पैसे के राजनीतिक इस्तेमाल का आरोप
तंबाकू बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिले में ‘मुक्तिपथ’ अभियान भी लगातार सक्रिय है। अभियान के तहत पानठेला संचालकों के खिलाफ जुर्माने और अन्य कार्रवाई की जा रही है। इसके बावजूद सुगंधित तंबाकू का अवैध कारोबार पूरी तरह नहीं थम पाया है। लेकिन अब अन्न व औषध प्रशासन की सख्ती ने कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है।
यह भी पढ़ें : गड़चिरोली: कोंढाला गांव के विकास कार्याें को देखने पहुंची अमरावती कमिटी, चिकित्सा सुविधाओं का भी लिया जायजा
सावली की कार्रवाई के बाद हड़कंप
हाल ही में गड़चिरोली से सटे सावली क्षेत्र में स्थानीय अपराध शाखा (LCB) और अन्न सुरक्षा विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नकली तंबाकू बनाने वाले एक कारखाने का भंडाफोड़ किया था। जांच में यह भी सामने आया कि कारखाने को कच्चा माल गड़चिरोली से पहुंचाया जा रहा था। इस मामले में जिले के कुछ लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।
इसी कार्रवाई और राज्यभर में बढ़ती सख्ती के बीच गड़चिरोली के पानठेला संचालकों ने फिलहाल सतर्क रुख अपनाया है। सोमवार को शहर में बंद पड़े पानठेले इस बात का संकेत दे रहे थे कि प्रशासन की चेतावनी का असर अब जमीनी स्तर पर दिखाई देने लगा है।
