गड़चिरोली: कोंढाला गांव के विकास कार्याें को देखने पहुंची अमरावती कमिटी, चिकित्सा सुविधाओं का भी लिया जायजा

Kondhala Inspection Committee Visit: अभियान के तहत कोंढाला ग्राम पंचायत के विकास कार्यों का निरीक्षण किया गया। गांव के मॉडल विकास और जनहितकारी योजनाओं ने अधिकारियों का ध्यान खींचा।
Inspection team from Amravati reviewed development projects,
ग्राम पंचायत प्रतिकात्मक तसवीर (Source: Social media)
Published on
Updated on

Samruddh Panchayat Raj Campaign In Gadchiroli: देसाईगंज तहसील मुख्यालय से करीब छह किलोमीटर दूर स्थित आदर्श ग्राम कोंढाला ग्राम पंचायत मुख्यमंत्री समृद्ध पंचायत राज अभियान के तहत किए गए विकास कार्यों को लेकर चर्चा में है। ग्राम पंचायत द्वारा ग्रामीण विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में किए गए कार्यों का आकलन करने के लिए आयुक्त कार्यालय अमरावती की निरीक्षण समिति ने गांव का दौरा किया।

अमरावती से पहुंची निरीक्षण समिति

निरीक्षण के लिए अमरावती से सहायक आयुक्त (जांच) संतोष राऊत, समूह विकास अधिकारी अतुल इंगले, सहायक समूह विकास अधिकारी धम्मदीप कुल्लुके और पंचायत विस्तार अधिकारी निलेश वाघ कोंढाला पहुंचे। इस दौरान ग्राम पंचायत की सरपंच अपर्णा नितीन राऊत, उपसरपंच गजानन सेलोटे, पंचायत समिति और ग्राम पंचायत के अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। समिति ने ग्राम पंचायत द्वारा शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप किए गए कार्यों और गांव में उपलब्ध सुविधाओं का विस्तृत मूल्यांकन किया। अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन और उनके प्रभाव की भी जानकारी ली।

जनहितकारी योजनाओं और सुविधाओं का लिया जायजा

निरीक्षण दल ने गांव में संचालित कई सामाजिक और विकासात्मक गतिविधियों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। इनमें रक्तदान शिविर, ग्राम स्वच्छता अभियान, महिलाओं की स्वास्थ्य एवं हीमोग्लोबिन जांच, श्रमदान से बनाए गए बांध, पौधारोपण कार्यक्रम और आवास योजना के लाभार्थियों की समीक्षा बैठकें शामिल रहीं।

इसके अलावा सूर्यधर योजना के प्रति जनजागृति, प्लास्टिक मुक्त अभियान, महिलाओं को कपड़े के थैलों का वितरण, नेत्र जांच शिविर और युवाओं के लिए व्यायामशाला जैसी पहलों की भी समीक्षा की गई। समिति ने जिला परिषद विद्यालय, आंगनवाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य उपकेंद्र और पशु चिकित्सालय जैसी सार्वजनिक सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।

यह भी पढ़ें :

कोंढाला ग्राम पंचायत को मिले अनेक पुरस्कार

कोंढाला गांव कि ग्राम पंचायत ने शासन की विभिन्न योजना तथा अभियानों को प्रभावी ढंग से लागू कर गांव को आदर्श बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ग्राम पंचायत को पूर्व में भी विभिन्न सरकारी पुरस्कार मिल चुके हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री समृद्ध पंचायत राज अभियान के अंतर्गत भी कोंढाला ग्राम पंचायत के उत्कृष्ट प्रदर्शन की चर्चा हो रही है और इसे सम्मान प्राप्त होने की संभावना जताई जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com