यवतमाल में MD ड्रग्स बेचते दो युवक गिरफ्तार, 1.63 लाख रुपये का माल जब्त

Yavatmal MD Drugs Case: यवतमाल के वणी में LCB ने MD ड्रग्स बेचते दो युवकों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से 1.63 लाख रुपये का माल व मोपेड जब्त कर NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया।
Mephedrone Drug Arrest In Yavatmal
यवतमाल पुलिस ने MD ड्रग्स बेचने वाले को गिरफ़्तार किया (सोर्स - फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Mephedrone Drug Arrest In Yavatmal: यवतमाल जिले में पैर पसार रहे घातक नशीले पदार्थों के काले कारोबार के खिलाफ स्थानीय अपराध शाखा ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। जिला पुलिस अधीक्षक कुमार चिंता द्वारा अवैध धंधों और ड्रग्स माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो-टॉलरेंस अभियान के तहत वणी शहर में एक हाई-प्रोफाइल कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने जाल बिछाकर वणी के दो युवकों को प्रतिबंधित एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स की रीटेल बिक्री करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से जिले के ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़े सफेदपोशों और तस्करों में हड़कंप मच गया है।

स्कूलों के पास चल रहा था ड्रग्स बेचने का नेटवर्क

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यवतमाल अपराध शाखा (LCB) की टीम को पिछले कुछ दिनों से लगातार गोपनीय शिकायतें मिल रही थीं कि यवतमाल और खासकर वणी के शहरी इलाकों में कॉलेज जाने वाले युवाओं को मेफेड्रोन जैसे खतरनाक और महंगे ड्रग्स की लत लगाई जा रही है। रविवार को जब एलसीबी की विशेष टीम वणी पुलिस थाना क्षेत्र में गश्त पर थी, तभी एक विश्वसनीय मुखबिर से पक्की सूचना मिली कि एसपीएम स्कूल के पीछे तथा नगर परिषद स्कूल क्रमांक ३ के सामने स्थित सुनसान मैदान में दो लड़के ग्राहकों को एमडी ड्रग्स की पुड़िया सप्लाई करने के लिए खड़े हैं। सूचना की संवेदनशीलता को देखते हुए एलसीबी की टीम ने बिना वक्त गंवाए दोनों ठिकानों की घेराबंदी कर एक साथ औचक छापा मारा।

मोपेड और नकदी जब्त

पुलिस ने मौके से दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। जब उनकी व्यक्तिगत तलाशी ली गई, तो पुलिस के भी होश उड़ गए। पकड़े गए आरोपियों के नाम सौरभ दिनेश खैरे (२५) वणी निवासी तेली फैल और प्रथमेश विनोद गुंडेवार (२० ) वणी दीपक चौपाटी निवासी भाग्यशाली नगर हैं।

जांच के दौरान उनके पास से ५ ग्राम ९१ मिलीग्राम शुद्ध एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत ४१ हजार ३७० रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के पास से नशीली दवा की बिक्री से कमाए गए कैश, दो स्मार्टफोन और तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही एमएच-२९-सीडी-५७७६ नंबर की मोपेड भी जब्त कर ली है। जब्त किए गए कुल माल की कीमत १ लाख ६३ हजार ७० रुपये आंकी गई है।

बड़े सप्लायरों की तलाश जारी

पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ वणी पुलिस स्टेशन में स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम की विभिन्न कड़ी धाराओं के तहत अपराध पंजीकृत किया गया है। इस सफल ऑपरेशन को पुलिस अधीक्षक कुमार चिंता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक थोरात के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के प्रभारी अधिकारी और उनकी टीम ने अंजाम दिया है।

अब पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि वणी के इन युवाओं तक ड्रग्स की यह खेप कहां से पहुंच रही थी? क्या इसके तार नागपुर, मुंबई या पड़ोसी राज्य तेलंगाना के ड्रग तस्करों से जुड़े हैं? पुलिस अधीक्षक ने साफ किया है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी ड्रग पेडलर को बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले दिनों में और भी कड़े एक्शन देखने को मिलेंगे।

Navbharat Live
navbharatlive.com