गड़चिरोली पुलिस सिपाही भर्ती: आज से 744 पदों के लिए 27 हजार उम्मीदवार लगाएंगे दौड़, जानें पदों की पूरी डिटेल्स

Gadchiroli Police Recruitment 2026: गड़चिरोली पुलिस भर्ती शुरू हो चुकी है। 744 पदों के लिए 27,000+ उम्मीदवार मैदान में। RFID और प्रिज्म तकनीक से होगी मैदानी परीक्षा। जानें पूरा शेड्यूल।
Gadchiroli Police recruitment for 744 posts starts today.
गड़चिरोली में पुलिस भर्ती (सौजन्य-नवभारत)
Updated on

Maharashtra Police Physical Test: गड़चिरोली जिला पुलिस बल में बुधवार से कुल 717 पदों की भर्ती के लिए पुलिस मुख्यालय के प्रांगण में शारीरिक (मैदानी) परीक्षा आयोजित की जा रही है। इस भर्ती प्रक्रिया के लिए जिले से 27,087 उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। चयन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों का जिले का वैध निवासी प्रमाणपत्र होना अनिवार्य किया गया है।

भर्ती प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 69 अधिकारी और 482 पुलिस कर्मचारी सहित कुल 551 पुलिस कर्मी तैनात किए जाएंगे। गड़चिरोली पुलिस दल द्वारा चालक पुलिस सिपाही भर्ती 2024-2025 (प्रत्यक्ष भर्ती प्रक्रिया 2026) के अंतर्गत 27 पदों तथा पुलिस सिपाही भर्ती 2024-2025 (प्रत्यक्ष भर्ती प्रक्रिया 2026) के अंतर्गत 717 पदों के लिए भर्ती की जा रही है।

दोनों भर्तियों की शारीरिक परीक्षा की तिथियां घोषित की गई हैं। यह परीक्षा 11 फरवरी 2026 से 8 मार्च 2026 तक गड़चिरोली पुलिस मुख्यालय के मैदान में आयोजित की जाएगी। चालक पुलिस सिपाही के 27 पदों के लिए 3,296 उम्मीदवारों ने आवेदन किया है, जिनमें 2,797 पुरुष एवं 499 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। वहीं पुलिस सिपाही के 717 पदों के लिए कुल 23,791 उम्मीदवारों ने आवेदन किया है, जिनमें 16,310 पुरुष तथा 7,481 महिला उम्मीदवारों का समावेश है।

चालक पुलिस सिपाही पद

श्रेणी पद संख्या
अनुसूचित जाति 3
अनुसूचित जनजाति 6
वी.जे. (ए) 1
भ.ज. (बी) 1
भ.ज. (सी) 1
भ.ज. (डी) 1
विमाप्र 1
ओबीसी 5
एसईबीसी 2
ईडब्ल्यूएस 2
अनारक्षित 4
प्रक्रिया (तिथि) 11 से 13 फरवरी

पुलिस सिपाही पद

श्रेणी पद संख्या
अनुसूचित जाति 84
अनुसूचित जनजाति 92
वी.जे. (ए) 8
भ.ज. (बी) 8
भ.ज. (सी) 8
भ.ज. (डी) 15
विमाप्र 8
ओबीसी 121
एसईबीसी 58
ईडब्ल्यूएस 58
अनारक्षित 257
प्रक्रिया (तिथि) 14 फरवरी से 7 मार्च

पहले दिन 1,300 उम्मीदवारों की होगी परीक्षा

भर्ती के पहले दिन यानी 11 फरवरी को लगभग 1 हजार 300 उम्मीदवारों की शारीरिक परीक्षा ली जाएगी, जबकि इसके बाद प्रतिदिन औसतन 1 हजार 500 उम्मीदवारों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। सभी उम्मीदवारों के प्रवेश पत्र महा-आईटी विभाग द्वारा ऑनलाइन उपलब्ध कराए गए हैं।

उम्मीदवार अपने शारीरिक परीक्षा के प्रवेश पत्र https://policerecruitment2024.mahait.org वेबसाइट से डाउनलोड करें और प्रवेश पत्र पर दर्शाई गई तिथि के अनुसार आवश्यक दस्तावेजों सहित गड़चिरोली पुलिस मुख्यालय में उपस्थित रहें। शारीरिक माप (PST) के लिए डिजिटल फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट तकनीक का उपयोग किया जाएगा।

1600 मीटर दौड़ (पुरुष), 800 मीटर दौड़ (महिला) तथा 100 मीटर दौड़ के लिए RFID आधारित तकनीक, जबकि गोला फेंक परीक्षण के लिए प्रिज्म टेक्नोलॉजी का उपयोग किया जाएगा। शारीरिक परीक्षा में उत्तीर्ण उम्मीदवारों की बायोमेट्रिक उपस्थिति लेकर लिखित परीक्षा के लिए पात्रता सुनिश्चित की जाएगी।

यदि बारिश या किसी अन्य कारणवश किसी दिन परीक्षा आयोजित नहीं हो पाती है, तो संबंधित उम्मीदवारों को वैकल्पिक तिथि दी जाएगी। साथ ही, जिन उम्मीदवारों को एक ही दिन अलग-अलग स्थानों पर परीक्षा के लिए बुलाया गया है, उन्हें भी नई तिथि प्रदान की जाएगी।

किसी भी प्रलोभन का शिकार न बने

पुलिस प्रशासन ने उम्मीदवारों से अपील की है कि वह किसी भी प्रकार के प्रलोभन, दलाल या गैरकानूनी तरीकों से दूर रहें। यदि कोई व्यक्ति प्रलोभन देता है, तो इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक कार्यालय, गड़चिरोली के समाधान कक्ष (दूरभाष क्रमांक 8806312100) अथवा नजदीकी पुलिस थाने/चौकी में देने का अनुरोध किया गया है। पुलिस भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित उम्मीदवार की उम्मीदवारी तत्काल रद्द कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com