13 नवजात शिशुओं की जान पड़ गई थी खतरे में, गड़चिरोली के सरकारी अस्पताल में लगी आग से मचा बवाल
NICU Short Circuit: गड़चिरोली के महिला एवं बाल अस्पताल के एनआईसीयू (NICU) में शॉर्ट सर्किट से बिजली पैनल में आग लग गई। कर्मचारियों की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया।
- Written By: आंचल लोखंडे
गड़चिरोली महिला अस्पताल- फाइल फोटो (सोर्सः सोशल मीडिया)
Gadchiroli Hospital Fire Incident: गड़चिरोली जिला मुख्यालय स्थित महिला तथा बाल अस्पताल में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। अस्पताल के नवजात गहन चिकित्सा कक्ष (एनआईसीयू) में अचानक हुए शॉर्ट सर्किट के कारण बिजली पैनल में आग लग गई, जिससे कुछ देर के लिए पूरे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। उस समय एनआईसीयू में उपचाराधीन 13 नवजात शिशुओं की जान खतरे में पड़ गई थी।
हालांकि कर्मचारियों की तत्परता और सूझबूझ से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और सभी नवजातों को सुरक्षित बचा लिया गया। यह घटना शनिवार शाम करीब 4 बजे हुई। एनआईसीयू कक्ष के बिजली पैनल में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से चिंगारियां निकलीं और आग लग गई। संयोगवश उसी समय अस्पताल के भूतल पर एक महिला कर्मचारी के सेवानिवृत्ति समारोह का आयोजन चल रहा था, जिसमें अधिकांश कर्मचारी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि जिस मंजिल पर आग लगी, वहां उस समय केवल तीन-चार कर्मचारी ही ड्यूटी पर थे।
फैल गई थी दहशत
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में भर्ती गर्भवती महिलाओं, नवजातों के परिजनों और अन्य मरीजों के बीच दहशत फैल गई। कुछ समय के लिए अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी और भागदौड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। एनआईसीयू में भर्ती बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिजनों की चिंता बढ़ गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल दमकल यंत्रणा की सहायता से आग पर काबू पाया और उसे आगे फैलने से रोक दिया। कर्मचारियों की सतर्कता के कारण उपचाराधीन सभी 13 नवजात शिशु सुरक्षित बचा लिए गए और एक बड़ी जनहानि टल गई।
सम्बंधित ख़बरें
छत्रपति संभाजीनगर में व्हाट्सऐप पर डायरेक्टर बनकर 20 लाख की साइबर ठगी, फेक प्रोफाइल से अकाउंटेंट को लगाया चूना
चने-फुटाने की तरह गली-नुक्कड़ पर बिक रहा ड्रग्स! नागपुर में एमडी और सिंथेटिक नशा बना बड़ा खतरा
E-20 ईंधन के विरोध में नितिन गडकरी के घर पर NSUI-यूथ कांग्रेस का मार्च, बैरिकेड्स तोड़े; कई कार्यकर्ता डिटेन
मुंबई: कुर्ला से अगवा 6 महीने का मासूम 4 घंटे में बरामद, पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से ठाणे से आरोपी को पकड़ा
कार्यक्रम में व्यस्त थे अस्पताल के कर्मचारी
घटना के बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। परिजनों का आरोप है कि इतने संवेदनशील विभाग में पर्याप्त कर्मचारियों की मौजूदगी सुनिश्चित होनी चाहिए थी, लेकिन अधिकांश कर्मचारी सेवानिवृत्ति समारोह में व्यस्त थे। उनका कहना है कि यदि आग पर समय रहते नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो गंभीर हादसा हो सकता था। इस घटना ने सरकारी अस्पतालों के फायर ऑडिट और सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर बड़े प्रश्न खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़े: लगातार बारिश से गड़चिरोली बेहाल, नदी-नाले उफान पर, सड़कें टूटीं, फसलें बर्बाद, कई गांवों का टूटा संपर्क
सभी शिशु सुरक्षित
महिला व बाल अस्पताल के अधीक्षक डॉ. माधुरी किलनाके ने कहा कि एनआईसीयू कक्ष में आग लगने की सूचना मिलते ही कर्मचारियों तथा अस्पताल प्रबंधन की टीम ने तुरंत कार्रवाई कर आग पर काबू पा लिया। घटना में सभी नवजात शिशु सुरक्षित है और उनका नियमित उपचार जारी है।
