LCB raid Maharashtr (सोर्सः सोशल मीडिया)
Gadchiroli Liquor Smuggling: स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) की टीम ने रविवार को जाल बिछाकर अवैध शराब की तस्करी करने वाले आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान अवैध शराब और चौपहिया वाहन समेत कुल 12 लाख 21 हजार रुपये का माल जब्त किया गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि गड़चिरोली तहसील के खरपुंडी निवासी अजय चिचघरे अपने साथियों के साथ चौपहिया वाहन से पोटेगांव पुलिस थाना क्षेत्र में अवैध विदेशी शराब की खेप लाकर छोटे विक्रेताओं को सप्लाई करने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नवरगांव में शामराव अलीवार के घर के सामने दो पंचों की उपस्थिति में घेराबंदी की। इस दौरान यूपी 16 डीबी 0590 क्रमांक का वाहन संदिग्ध रूप से आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन शराब तस्कर वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
वाहन की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। तलाशी के दौरान रॉयल स्टैंग डिलक्स कंपनी की 180 एमएल की 1,056 बोतलें (22 बॉक्स) जिनकी अनुमानित कीमत 3,16,800 रुपये, 90 एमएल की 100 बोतलें (करीब 15,000 रुपये), 1 लीटर की 23 बोतलें (लगभग 46,000 रुपये) तथा हैवर्ड्स 5000 प्रीमियम स्ट्रॉन्ग बीयर के 500 एमएल के 144 टिन (लगभग 43,200 रुपये) जब्त किए गए। कुल मिलाकर 4 लाख 21 हजार रुपये की शराब बरामद हुई।
ये भी पढ़े: बोर्ड परीक्षाओं के बीच शिक्षकों की चुनावी ड्यूटी, शिक्षा जगत में गहराया भारी असंतोष
पुलिस ने उक्त शराब के साथ 8 लाख रुपये कीमत का चौपहिया वाहन जब्त कर कुल 12 लाख 21 हजार रुपये का माल जब्त किया है। इस मामले में खरपुंडी निवासी अजय चिचघरे के खिलाफ महाराष्ट्र शराबबंदी कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। आगे की जांच पोटेगांव की पुलिस उपनिरीक्षक सीमा किकर कर रही हैं।
दूसरी घटना में, होली पर्व के मद्देनजर अवैध शराब तस्करी की सूचना मिलते ही कुरखेड़ा पुलिस ने नाकाबंदी कर दोपहिया वाहन से शराब तस्करी करने वाले आरोपी को पकड़ लिया। यह कार्रवाई 1 मार्च की देर रात की गई। इस दौरान अवैध शराब समेत 53 हजार रुपये का माल जब्त किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुरखेड़ा तहसील के नान्ही निवासी आकाश तुलसीराम कोरेटी (28) के रूप में हुई है।