गड़चिरोली के चामोर्शी में दो साल में उखड़ी सड़क, गड्ढों से राहगीरों की बढ़ी मुश्किलें
Poor Road Condition In Gadchiroli: चामोर्शी में तलोधी–पावीमुरांडा सड़क जगह-जगह उखड़ गई है। खराब सड़क और गड्ढों से ग्रामीणों को परेशानी हो रही है और दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।
- Written By: अनन्या तिवारी
तलोधी से पावीमुरांडा तक जाने वाली डामरीकृत सड़क (फाइल फोटो, सोर्स-नवभारत)
Poor Road Condition Affect Daily Commuters In Chamorshi: गड़चिरोली के चामोर्शी तहसील के तलोधी से पावीमुरांडा तक जाने वाली डामरीकृत सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, कई स्थानों पर डामर पूरी तरह उखड़ चुका है और गिट्टी बाहर निकल आई है। इससे इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और वाहन चालकों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। करीब दो से ढाई वर्ष पहले बनी इस सड़क की मौजूदा स्थिति ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हुआ था निर्माण
मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत वर्ष 2021 में जोगना से येडानुर तक लगभग 5.90 किलोमीटर सड़क के उन्नयन का कार्य स्वीकृत किया गया था। इसके तहत करीब 5.15 किलोमीटर सड़क का डामरीकरण किया गया। निर्माण कार्य के दौरान कोरोना महामारी के कारण करीब डेढ़ वर्ष तक काम प्रभावित रहा, जिसके बाद दोबारा निर्माण शुरू किया गया। परियोजना में पांच छोटी पुलियाओं और लगभग 600 मीटर लंबी नाली का निर्माण भी किया गया था।
कुछ ही वर्षों में उखड़ने लगी सड़क
तलोधी से जोगना तथा जोगना से येडानुर तक सड़क निर्माण का कार्य अलग-अलग ठेकेदारों द्वारा कराया गया था। हालांकि निर्माण के कुछ ही वर्षों बाद सड़क की परत उखड़ने लगी। वर्तमान में तलोधी, जोगना, येडानुर और आगे पावीमुरांडा तक कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। गहरे गड्ढों और उखड़े डामर के कारण वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और समय रहते मरम्मत नहीं की गई तो बड़े हादसे हो सकते हैं।
सम्बंधित ख़बरें
‘मिशन दुर्गा’ से महिलाओं को मिला सशक्तिकरण का मंत्र, मीरा रोड में हुआ विशाल सखी सम्मेलन
सॉरी बोलने के बाद भी नहीं माना सनकी हमलावर, दौड़ाकर युवक के पेट में घोंपा चाकू, मुंबई लोकल में फिर खूनी खेल
भिवंडी में टीईटी पेपर लीक का खुलासा, अकोला के हजारों अभ्यर्थियों की उम्मीदों पर पानी
भंडारा पुलिस की सख्ती, तलवार से केक काटकर वीडियो पोस्ट करने वालों पर होगी कार्रवाई
हजारों लोगों के आवागमन का प्रमुख मार्ग
यह सड़क तलोधी, जोगना, येडानुर, पावीमुरांडा सहित आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है। प्रत्येक शनिवार को पावीमुरांडा में लगने वाले साप्ताहिक बाजार में बड़ी संख्या में ग्रामीण इसी सड़क से पहुंचते हैं। इसके अलावा कोठरी जाने वाले श्रद्धालु भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। सड़क की खराब स्थिति का असर व्यापार, कृषि कार्य, शिक्षा और दैनिक आवागमन पर भी पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें Gadchiroli: 15 करोड़ की लागत से बना पुल 5 वर्ष में जर्जर, लोगों की शिकायतों के बाद भी नहीं उठाए ठोस कदम
बारिश में बढ़ रहा दुर्घटना का खतरा
बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। बारिश का पानी गड्ढों को ढक देता है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने और दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बढ़ जाता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लगातार बारिश होने पर सड़क के और अधिक क्षतिग्रस्त होने या बह जाने की आशंका भी बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मार्ग की तत्काल मरम्मत कराकर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की है।
