गड़चिरोली चुनाव (सौजन्य-नवभारत)
75 Percent Voting in Gadchiroli: जिले के गड़चिरोली, आरमोरी तथा देसाईगंज नप के लिए आज मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 7.30 बजे मतदान शुरू हो गया था। दोपहर 3:30 बजे तक औसतन 54.81 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि शाम तक यह आंकड़ा 75 प्रतिशत से ऊपर जाने की संभावना जताई गई।
गड़चिरोली, आरमोरी तथा देसाईगंज की 3 नगर परिषदों के लिए मंगलवार को संपन्न हुए चुनाव में कुल 378 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम मशीनों में कैद हो गई। इनमें नगराध्यक्ष पद के 26 तथा पार्षद पद के 352 उम्मीदवार शामिल हैं। गड़चिरोली नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए 8 उम्मीदवार, जबकि सदस्य पद के लिए 134 उम्मीदवार मैदान में थे।
देसाईगंज नगर परिषद में भी अध्यक्ष पद के 8 उम्मीदवार, और सदस्य पद के लिए 110 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे थे। आरमोरी नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए सर्वाधिक 10 उम्मीदवार, जबकि सदस्य पद के लिए 108 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे।
गड़चिरोली के साइंस कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पर मतदान शुरू होते ही ईवीएम मशीन में तकनीकी खराबी आ गई। इससे मतदान कुछ समय के लिए बाधित हुए। वहीं मतदाताओं में नाराजगी देखी गई। कुछ मतदाता कतार छोड़कर वापस भी चले गए। तकनीकी दल ने तुरंत मशीन ठीक कर मतदान पुनः शुरू करा दिया।
गड़चिरोली शहर के कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के नाम न होने से अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। नगर परिषद की मतदाता सूची से अनेक नागरिकों के नाम गायब थे, जबकि कई मतदाताओं के मतदान केंद्र बदल दिए जाने के कारण उन्हें इधर-उधर भटकना पड़ा।
जिले भर में मतदान पूरे दिन उत्साह के साथ जारी रहा। महिलाओं की उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। पहली बार मतदान करने वाले युवाओं की संख्या भी अधिक दिखाई दी। कई मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं, जबकि दोपहर के समय मतदान की रफ्तार कुछ धीमी पड़ गई। जिले के सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस की कड़ी सुरक्षा के चलते कहीं भी कोई अनुचित घटना नहीं हुई।
नप चुनावों की मतगणना स्थगित होने से उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं में असंतोष देखा जा रहा है। मतगणना पहले 3 दिसंबर को प्रस्तावित थी, लेकिन न्यायालय के निर्देश के बाद इसे आगे बढ़ा दिया गया। मतदान के बाद देर रात तक सभी ईवीएम मशीनें पुलिस सुरक्षा में सुरक्षित कक्षों में जमा कर दी गईं। अब मतगणना 21 दिसंबर को होगी।
नप चुनाव से ठीक एक दिन पहले प्रमुख राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों द्वारा किए गए धनशक्ति के उपयोग की सर्वत्र चर्चा रही। इस बार एक वोट के लिए एक हजार से लेकर पांच हजार रुपये तक के वितरण की जोरदार चर्चा पूरे क्षेत्र में थी। गड़चिरोली की तीनों नगर परिषद क्षेत्रों में बीते दोपहर से ही घर-घर जाकर पैसे बांटने का सिलसिला दिखाई दिया।
यह भी पढ़ें – विदर्भ में औसतन 68% हुआ मतदान, 104 साल की दादी ने भी डाला वोट, भारी मतदान के साथ कुछ जगहों पर हंगामा
हैरानी की बात यह रही कि उच्च शिक्षित और नौकरी पेशा वर्ग ने भी मतदान के बदले पैसे की मांग की, जिससे उम्मीदवार खुद भी हैरान-परेशान नजर आए। इस पूरे व्यवहार को देखते हुए नागरिकों ने सवाल उठाया कि “यह लोकतंत्र है या नोटतंत्र?” मतदान का दिन समीप आते-आते वोट की कीमत और बढ़ती गई, जिसके चलते कुछ उम्मीदवारों ने अंतिम क्षण में मैदान छोड़ने तक का निर्णय लिया।
| क्षेत्र | मतदान प्रतिशत (दोपहर 3:30 बजे तक) |
|---|---|
| गड़चिरोली | 55.1% |
| आरमोरी | 55.34% |
| देसाईगंज | 53.87% |
| जिले की कुल औसत | 55.81% |