Gadchirol News: नक्सल विरोधी अभियानों में वीरगति को प्राप्त होने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के परिवारों को महाराष्ट्र सरकार ने बड़ा राहत पैकेज दिया है। सरकार ने शहीद पुलिस उपनिरीक्षक संतोष महिपत घाग और शहीद पुलिस हवलदार हरिदास चिंतामण सयाम के वारिसों को पुलिस उपनिरीक्षक गटब, अराजपत्रित पद पर अनुकंपा तत्त्व पर सीधी नियुक्ति देने का महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। गृह विभाग द्वारा गुरुवार को जारी आदेश के अनुसार, नक्सल विरोधी अभियानों में शहीद होने वाले कर्मियों के वारिसों को गटअ और गटब संवर्ग में नियुक्ति देने का प्रावधान वर्ष 2009 के शासन निर्णय के तहत पहले से मौजूद है।
इसी प्रावधान के आधार पर विराज संतोष घाग और विकास हरिदास सयाम की शैक्षणिक योग्यता को ध्यान में रखते हुए उन्हें यह विशेष नियुक्ति प्रदान की गई है। नियुक्ति के साथ एक शर्त भी लागू सरकार ने इस नियुक्ति के साथ एक शर्त भी लागू की है कि दोनों को गड़चिरोली विशेष क्षेत्र में कार्य करना होगा।
यह कदम विशेष परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। यह निर्णय शहीदों के बलिदान को सम्मान देने और उनके परिवारों को आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। सरकार का मानना है कि कठिन परिस्थितियों में कर्तव्य निभाते हुए जान गंवाने वाले जवानों के परिवारों की जिम्मेदारी उठाना राज्य का कर्तव्य है।
इस फैसले से पुलिस बल में सकारात्मक संदेश जाने की उम्मीद है और शहीद परिवारों को न्याय मिलने की भावना भी मजबूत हुई है।