Amravati Crop Insurance Payment (सोर्सः सोशल मीडिया)
Amravati Crop Insurance Payment: खरीफ सीजन में अतिवृष्टि के कारण भारी फसल नुकसान होने के बावजूद जिले के 1 लाख 85 हजार 560 किसानों को अब तक फसल बीमा का भुगतान नहीं मिला है। सीजन समाप्त हुए 6 महीने बीत जाने के बाद भी बीमा कंपनी द्वारा भुगतान नहीं किए जाने से प्रभावित किसानों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। कृषि विभाग द्वारा फसल कटाई रिपोर्ट शासन को सौंपे जाने के बावजूद कंपनी की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने का आरोप किसान लगा रहे हैं।
औसत उत्पादन में बड़ी गिरावट दर्ज जिले में खरीफ सीजन के दौरान कई क्षेत्रों में अतिवृष्टि के कारण फसलों को भारी नुकसान हुआ। इससे औसत उत्पादन में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इस पृष्ठभूमि में किसानों ने फसल बीमा योजना के तहत मुआवजे की उम्मीद जताई थी। लेकिन खरीफ सीजन समाप्त होने के बाद अब रबी सीजन भी खत्म होने को है, फिर भी बीमा कंपनी ने अब तक भुगतान नहीं किया है।
खरीफ सीजन में हुई अतिवृष्टि के कारण अधिकांश फसलों की भारी नुकसान हुआ। कई क्षेत्रों में पैदावार 50 प्रतिशत से कम दर्ज की गई। नुकसान 33 प्रतिशत से अधिक होने पर सरकार ने सामान्य सहायता देने की घोषणा की थी। साथ ही, फसल बीमा के तहत प्रभावित किसानों को प्रति हेक्टेयर कम से कम 18 हजार रुपये देने की घोषणा भी की गई थी।
इसके बावजूद जिले के 1 लाख 85 हजार 560 किसान अभी भी बीमा भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। कृषि विभाग द्वारा फसल कटाई रिपोर्ट पहले ही शासन को भेजी जा चुकी है, लेकिन बीमा कंपनी की ओर से कोई कार्रवाई नहीं होने से किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। खरीफ और रवीं दोनों सीजन समाप्त होने के बावजूद मुआवजा नहीं मिलने से आर्थिक संकट झेल रहे किसानों ने जल्द भुगतान की मांग तेज कर दी है।
ये भी पढ़े: अमरावती: तिवसा के पास हाईवे पर अज्ञात वाहन ने मादा तेंदुए को रौंदा; रेस्क्यू के बाद इलाज के दौरान हुई मौत
पहले सरकार द्वारा लागू एक रुपये में फसल बीमा योजना बंद कर दी गई है और उस योजना के चार महत्वपूर्ण मानदंड भी समाप्त कर दिए गए है। इसके स्थान पर अब फसल कटाई रिपोर्ट आधारित बीमा और तकनीकी बेस इन दो मानदंडों को 50-50 प्रतिशत वेटेज दिया गया है। इस वर्ष के फसल कटाई प्रयोग में भी औसत उत्पादन में कमी स्पष्ट हुई है, जिससे किसानों की बीमा राशि मिलने की उम्मीद और बढ़ गई है।