2.67 करोड़ वसूली का लक्ष्य, देसाईगंज नगर परिषद ने टैक्स अभियान को दी रफ्तार
Tax Recovery Drive: देसाईगंज नगर परिषद ने बकाया संपत्ति कर वसूली के लिए विशेष अभियान शुरू करते हुए 8 दस्ते गठित किए हैं और चालू वित्तीय वर्ष में 2.67 करोड़ रुपये की वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया है।
- Written By: आंचल लोखंडे
city development tax revenue
Desaiganj Nagar Parishad: देसाईगंज नगर परिषद द्वारा शहर में बकाया मालमत्ता (संपत्ति) कर की प्रभावी वसूली के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान को और तेज करने के लिए नगर परिषद प्रशासन ने कुल 8 विशेष दस्ते गठित किए हैं। ये दस्ते शहर के विभिन्न प्रभागों में जाकर बकायादार संपत्ति धारकों से टैक्स वसूली कर रहे हैं।
नगर परिषद की ओर से चालू वित्तीय वर्ष में 2.67 करोड़ रुपये संपत्ति कर वसूली का लक्ष्य रखा गया है। अब तक करीब 1.40 करोड़ रुपये की वसूली की जा चुकी है। शेष बकाया कर वसूलने के लिए अभियान को और तेज किया गया है।
शहर के अलग-अलग प्रभागों में सक्रिय हैं दस्ते
नगर परिषद द्वारा गठित आठों दस्तों को शहर के विभिन्न क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है। ये दस्ते संबंधित क्षेत्रों में जाकर मालमत्ता धारकों को बकाया टैक्स भरने की सूचना दे रहे हैं और उनसे तत्काल कर भुगतान करने का आग्रह कर रहे हैं।
सम्बंधित ख़बरें
ग्रीन गड़चिरोली मिशन को मिली नई रफ्तार, 5 लाख पौधों से बढ़ेगी हरियाली और रोजगार
जोगीसाखरा गोटुल अध्ययन केंद्र के विकास के लिए निधि की मांग, विधायक अभिजीत वंजारी को सौंपा ज्ञापन
भेंडाला परिसर में तूफानी हवाओं का छाया कहर, गढ़चिरोली में मूसलाधार बारिश से सड़कों पर भरा पानी; लुढ़का पारा
गड़चिरोली के युवाओं को वैश्विक शिक्षा का अवसर, ऑस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय तक पहुंच
देर से टैक्स भरने पर लगता है जुर्माना
मालमत्ता टैक्स समय पर जमा न करने पर प्रति माह 2 प्रतिशत की दर से जुर्माना लगाया जाता है, जो फिलहाल बढ़कर 24 प्रतिशत तक पहुंच चुका है। नगर परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक जुर्माने से बचने के लिए जल्द से जल्द अपना बकाया टैक्स जमा करें।
इसके साथ ही लंबे समय से टैक्स बकाया रखने वाले संपत्ति धारकों को जब्ती नोटिस देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। नोटिस मिलने के बाद भी यदि कोई जवाब नहीं मिलता है, तो संपत्ति जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
लोक अदालत के लिए 286 लोगों को नोटिस
बकाया टैक्स के मामलों को निपटाने के लिए 14 मार्च को आयोजित होने वाली लोक अदालत के लिए 286 संपत्ति धारकों को नोटिस जारी किए गए हैं।
नागरिक समय पर टैक्स भरें: अधिकारी
नगर परिषद के मुख्याधिकारी सतीश चौधरी ने कहा कि शहर के विकास, बुनियादी सुविधाओं और विभिन्न नागरिक सेवाओं के लिए मालमत्ता टैक्स एक महत्वपूर्ण राजस्व स्रोत है। इसलिए नागरिकों को समय पर टैक्स जमा करना चाहिए।
ये भी पढ़े: सिरोंचा-कोर्ला बस सेवा शुरू करने की मांग, नागरिकों ने दी चक्काजाम की चेतावनी
नगराध्यक्ष लता सुंदरकर ने भी नागरिकों से अपील की कि शहर की सड़कें, जलापूर्ति, स्वच्छता और अन्य विकास कार्यों के लिए संपत्ति कर महत्वपूर्ण है। नागरिक समय पर टैक्स भरकर नगर परिषद के विकास में सहयोग करें और जब्ती जैसी कार्रवाई से बचें।
वहीं उपाध्यक्ष नरेश विठ्ठलानी ने कहा कि देसाईगंज शहर हम सभी का है और इसके विकास के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। नागरिक समय पर संपत्ति कर भरकर अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
