Binagunda free health checkup (सोर्सः सोशल मीडिया)
Gadchiroli Police: गड़चिरोली पुलिस दल द्वारा जिले के नागरिकों के लिए समय-समय पर विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित की जाती हैं। दूरस्थ और अतिदुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग नियमित रूप से स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करता है।
इसी क्रम में भामरागड़ तहसील के नवनिर्मित पुलिस मदद केंद्र बिनागुंडा में 15 फरवरी को निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में करीब 250 से अधिक नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की गई और आवश्यक दवा उपचार प्रदान किया गया।
शिविर का आयोजन पुलिस अस्पताल गड़चिरोली, जिला अस्पताल गड़चिरोली, जिप गड़चिरोली तथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। शिविर के दौरान जिला अस्पताल की जिला शल्य चिकित्सक डॉ. वर्षा लहाड़े (स्त्री रोग विशेषज्ञ), महिला व बाल अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. माधुरी किलनाके (सर्जन), डॉ. प्रशांत पेंदाम (बाल रोग विशेषज्ञ), पुलिस अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील मडावी, डॉ. गणेश चिचघरे और सीआरपीएफ 9 बटालियन के चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी. एस. मोहन ने नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की।
250 से अधिक नागरिकों की जांच के दौरान उन्हें नि:शुल्क दवाएं वितरित की गईं। साथ ही पोषण संबंधी समस्याओं और अन्य बीमारियों के बारे में मार्गदर्शन दिया गया। 14 नागरिकों को आगे की विस्तृत जांच और उपचार हेतु विभिन्न अस्पतालों में रेफर किया गया। बाल रोग विशेषज्ञ द्वारा स्कूली बच्चों की जांच और स्त्री रोग विशेषज्ञ द्वारा गर्भवती महिलाओं एवं अन्य महिलाओं की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया।
शिविर पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल, जिप मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुहास गाडे, सीआरपीएफ 9 बटालियन के कमांडेंट शंभु कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) एम. रमेश, अहेरी के अपर पुलिस अधीक्षक कार्तिक मधीरा, अपर पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) गोकुल राज, पुलिस उपाधीक्षक (अभियान) विशाल नागरगोजे और भामरागड़ के उपविभागीय पुलिस अधिकारी अजय कोकाटे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। नवनिर्मित पुलिस मदद केंद्र बिनागुंडा के प्रभारी अधिकारी उपनिरीक्षक रोहन पाटिल के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
गड़चिरोली पुलिस दल द्वारा वर्ष 2021 से अब तक कुल 178 स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से 40,015 नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त 5 रक्तदान शिविरों में 4,361 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। वहीं ‘ऑपरेशन रोशनी’ अभियान के तहत 9,971 से अधिक नागरिकों की नेत्र जांच की गई और 1,412 लोगों की नि:शुल्क मोतियाबिंद शल्य चिकित्सा कराई गई।